नई दिल्ली , 7 मई (आईएएनएस)। दिल्ली के पुल प्रह्लादपुर थाना पुलिस ने मंगलवार रात मुठभेड़ के बाद कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सुनील उर्फ शेट्टी उर्फ देवा के रूप में हुई है, जिस पर कई केस दर्ज बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात 10 बजे डीडीए पार्क के पास यह कार्रवाई की गई। ऑपरेशन की निगरानी एसीपी बदरपुर आकाश अग्रवाल ने की जबकि कार्रवाई थाना पुल प्रह्लादपुर की टीम ने अंजाम दी।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुनील इलाके में आने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर उसे पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के बाएं पैर में लगी। घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 50 वर्षीय सुनील का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। वह साल 1999 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। विभिन्न मामलों में उसे 7 बार सजा भी हो चुकी है। उसके खिलाफ कालकाजी, ओखला इंडस्ट्रियल एरिया और तिलक मार्ग समेत कई थानों में केस दर्ज हैं।
वह लूट और गैर इरादतन हत्या के प्रयास के मामलों में वांछित था। जवाबी गोलीबारी में घायल सुनील के पास से एक देसी पिस्तौल, कारतूस और चोरी का मोबाइल बरामद हुआ। उसका लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है, जिसमें कई मामले दर्ज हैं और उसे सजा भी मिली है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के समय आरोपी थाना पुल प्रह्लादपुर में दर्ज लूट और गैर इरादतन हत्या के प्रयास के एक मामले में भी मुख्य आरोपी था। आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक कारतूस और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

