दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर थाना नॉर्थ-वेस्ट ने सेक्सटॉर्शन रैकेट के मास्टरमाइंड को दबोचा

0
4

नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। दिल्ली के नॉर्थ-वेस्ट जिले की साइबर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सेक्सटॉर्शन रैकेट के मुख्य सरगना और ऑपरेटर अब्बास खान को गिरफ्तार किया है, जो राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ तहसील का रहने वाला है। आरोपी ऑनलाइन धोखाधड़ी और फ्रॉड जैसे मामलों में भी सक्रिय रूप से शामिल था।

शालीमार बाग निवासी एक व्यक्ति ने साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसके साथ 2.52 लाख रुपए की ठगी की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसे फेसबुक पर एक महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। बातचीत के दौरान आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल आई, जिसमें अश्लील वीडियो दिखाया गया। कॉल काटने के बाद उसे धमकी भरे संदेश आने लगे कि उसकी वीडियो रिकॉर्ड कर ली गई है और उसे वायरल कर दिया जाएगा।

डर के चलते पीड़ित से अलग-अलग किस्तों में 2.52 लाख रुपए वसूल लिए गए। इस मामले में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी जांच, डिजिटल फुटप्रिंट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और बैंक खातों की पड़ताल की। जांच में सामने आया कि व्हाट्सएप, फेसबुक अकाउंट और बैंक खाते फर्जी (म्यूल) पहचान के जरिए संचालित किए जा रहे थे।

तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को इस पूरे नेटवर्क का लिंक मेवात क्षेत्र से मिला। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से तड़के छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। छापे के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल वह वारदात को अंजाम देने में करता था।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर पुरुषों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता था। जैसे ही कोई रिक्वेस्ट स्वीकार करता, उससे व्हाट्सएप नंबर लिया जाता। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए पहले से रिकॉर्ड अश्लील वीडियो दिखाया जाता और साथ ही स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली जाती थी।

फिर उसी वीडियो के जरिए पीड़ित को ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठे जाते थे। आरोपी ने यह भी बताया कि उसके गांव के कई युवक इस तरह की साइबर ठगी में शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से एक आईफोन 14 प्रो बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल अपराध में किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और जांच जारी है।

दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करें।