दिल्ली से मेरठ अब सिर्फ 60 मिनट में, यात्रियों को मिली बड़ी सौगात : मनोहर लाल

0
6

नई दिल्ली, 22 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत (आरआरटीएस) कॉरिडोर के शेष प्रमुख हिस्सों का उद्घाटन किया। इस बहुप्रतीक्षित विस्तार के बाद अब यात्री दिल्ली के सरायकाले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक की दूरी महज 55 से 60 मिनट में तय कर सकेंगे।

सराय काले खां स्टेशन पर आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान परियोजना की विशेषताओं और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी साझा की गई। यह परियोजना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि दिल्ली तेजी से देश में प्रमुख आर्थिक और औद्योगिक केंद्र बन रही है। ऐसे में आधुनिक और कुशल परिवहन प्रणाली की आवश्यकता और भी बढ़ जाती है।

उन्होंने बताया कि सरकार ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) मॉडल के तहत मेट्रो और आरआरटीएस स्टेशनों के आसपास बहुमंजिला आवासीय और व्यावसायिक इमारतों के निर्माण की योजना पर काम कर रही है। इससे लोगों को स्टेशन के समीप ही रहने और काम करने की सुविधा मिलेगी, जिससे सड़कों पर दबाव कम होगा।

उन्होंने ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ को मजबूत करने पर भी जोर दिया, ताकि यात्रियों को स्टेशन से घर या दफ्तर तक पहुंचने में परेशानी न हो। एनसीआर क्षेत्र के विभिन्न जिलों को रैपिड रेल नेटवर्क से जोड़ने की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है।

मनोहर लाल ने कहा कि इस कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच आवागमन करने वाले लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक सड़क मार्ग पर लगने वाले लंबे समय और ट्रैफिक जाम की समस्या से यात्रियों को जूझना पड़ता था। नमो भारत ट्रेन के संचालन से न केवल यात्रा समय में कमी आएगी, बल्कि प्रदूषण और ईंधन खपत में भी गिरावट होने की उम्मीद है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसके चलने से उन लोगों को फायदा होगा जो मेरठ से दिल्ली अपनी आजीविका के लिए आज भी आते हैं, जिनमें विशेष तौर पर साहिबाबाद, इंदिरापुरम, गाजियाबाद और मेरठ से दिल्ली में आने वाले लोगों की संख्या बहुत ज्यादा है। वे अपनी आजीविका के लिए, अपनी नौकरी के लिए और अपने व्यापार के लिए लगातार दिल्ली आते हैं।

उन्होंने कहा कि मेरठ जाने के लिए अब आपको केवल 55-60 मिनट लगेंगे। अभी जैसे हम नोएडा मयूर विहार की तरफ से डीएनडी क्रॉस करते हैं, इसके बाद आश्रम होते हुए फरीदाबाद जाने वाले लोगों के लिए भी हमने कुछ सुविधाएं दी हैं, जिनकी मैं आपको जानकारी देना चाहता हूं। सबसे पहले तो आश्रम चौक से लेकर बदरपुर तक जो रोड है, उसके लिए केंद्र सरकार ने यह फैसला किया है कि हम उसे सिग्नल फ्री करेंगे ताकि आश्रम से लेकर बदरपुर तक जाने में अभी 45-50 मिनट लगते हैं, आप लोगों को ट्रैफिक जाम से जूझना न पड़े।