Monday, June 1, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय दिल्ली के तिमारपुर में पानी की किल्लत को लेकर बवाल, लोगों ने...

दिल्ली के तिमारपुर में पानी की किल्लत को लेकर बवाल, लोगों ने कहा- भाजपा के चुनावी वादे फेल

0
4

नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। दिल्ली के तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र में पानी की किल्लत को लेकर शनिवार को स्थानीय लोगों और आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। विजय नगर 8 ब्लॉक मंदिर से मदर डेयरी रोड तक ‘मटका फोड़’ प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि अगर जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि पानी की कमी की वजह से रोजमर्रा की जिंदगी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। कई लोगों को मजबूरी में पानी खरीदकर इस्तेमाल करना पड़ रहा है। कुछ इलाकों में पानी 50 रुपए प्रति कैन बिक रहे हैं, जिससे गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

प्रदर्शन में शामिल कुछ महिलाओं ने कहा कि एक महीने से पानी नहीं आने की वजह से घर चलाना मुश्किल हो गया है। नहाने, खाना बनाने और साफ-सफाई तक के लिए पानी की भारी कमी हो गई है। लोगों ने कहा कि सरकार बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात बेहद खराब हैं।

उनका कहना है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए गए थे कि दिल्ली में पानी की कोई कमी नहीं होगी, लेकिन अब स्थिति इसके बिल्कुल उलट है। लोगों ने कहा कि जहां-जहां पानी आता भी है, वहां या तो बहुत कम मात्रा में आता है या फिर पानी की गुणवत्ता इतनी खराब होती है कि वह पीने लायक नहीं रहता।

करावल नगर जिला अध्यक्ष पंकज राय ने कहा कि यह प्रदर्शन जनता के गुस्से का नतीजा है। उनके अनुसार, पिछले 15 दिनों से कई कॉलोनियों में पानी नहीं आ रहा है और लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव के दौरान वादे किए थे कि पानी की समस्या खत्म कर दी जाएगी, लेकिन आज स्थिति यह है कि लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।

पंकज राय ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार और संबंधित विभाग इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में टैंकर भेजे जाते हैं, लेकिन वह भी पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि हजारों की आबादी वाले क्षेत्रों में एक-दो टैंकर भेजकर समस्या का समाधान नहीं किया जा सकता।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ इलाकों में साफ पानी की जगह गंदा और दूषित पानी आ रहा है, जिससे लोगों की सेहत पर भी असर पड़ रहा है। कई लोग बीमार हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

वहीं, अंतुल कोहली ने कहा कि उनके घर में पिछले कई दिनों से पानी नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि लोग मजबूरी में कोर्ट तक जाने की बात कर रहे हैं, लेकिन अब हालात इतने खराब हैं कि सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना ही आखिरी रास्ता बचा है।

सुमन त्यागी नाम की एक महिला ने कहा कि इलाके में पिछले एक महीने से पानी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने बताया कि लोग पानी खरीदकर काम चला रहे हैं, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ गया है। वहीं, एक अन्य निवासी मुट्ठी देवी ने कहा कि खाली मटका लेकर प्रदर्शन करना उनकी मजबूरी बन गई है, क्योंकि नलों में पानी ही नहीं आ रहा।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। लोगों ने मांग की कि सरकार तुरंत हस्तक्षेप करे और हर घर तक नियमित और साफ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करे।