नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझाते हुए तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। इनमें एक 17 वर्षीय नाबालिग शामिल हैं। फिलहाल पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियार को बरामद करने की कोशिश कर रही है।
शुक्रवार शाम लगभग 6:45 बजे थाना वेलकम को सूचना मिली कि झील पार्क स्थित एक मजार के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान वेलकल स्थिति लकड़ी मार्केट निवासी मोहम्मद शमीम (21) के रूप में हुई। घटनास्थल का फोरेंसिक टीम द्वारा बारीकी से निरीक्षण किया गया और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया। थाना वेलकम पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर रूपेश खत्री, एसएचओ वेलकम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह, एसआई धीरेंद्र, एएसआई रामबीर, हेड कांस्टेबल हरेंद्र, कुलदीप, ललित, संदीप और कांस्टेबल विनोद व गौरव शामिल थे। यह टीम एसीपी भजनपुरा सहदेव कुमार राणा के नेतृत्व में लगातार काम करती रही और विभिन्न स्रोतों से सुराग जुटाकर संदिग्धों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को धर दबोचा। इनमें वसीम उर्फ मिया (20) और तिलक राज उर्फ राज (23) शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि शमीम उर्फ सुई उन्हें लगातार परेशान करता था, जिससे तंग आकर उन्होंने उस पर हमला कर दिया और घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

