ओडिशा: डिप्टी सीएम प्रवती परिदा ने पुरी कोस्टल मैराथन का किया उद्घाटन, बोलीं- पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा

0
7

पुरी, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। ओडिशा के पुरी के ब्लू फ्लैग बीच पर बुधवार को पुरी कोस्टल मैराथन का आयोजन किया गया। इस मौके पर ओडिशा की डिप्टी सीएम प्रवती परिदा ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने इसे पर्यटन और खेल दोनों के लिए एक बड़ा कदम बताया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पहले इतने सुंदर बीच पर इस तरह के बड़े इवेंट आयोजित नहीं हो पाते थे, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। उन्होंने बताया कि जैसे देश के बड़े शहरों मुंबई और बेंगलुरु में मैराथन होती हैं, उसी तरह अब पुरी भी इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को एक नया मंच मिलेगा और युवा भी खेलों के प्रति ज्यादा आकर्षित होंगे।

उन्होंने कहा कि यह मैराथन हर साल 2 दिसंबर को आयोजित की जाएगी, जिससे पुरी को एक नई पहचान मिलेगी। उनका मानना है कि इससे न सिर्फ देशभर के बल्कि विदेशों से भी रनर्स यहां आएंगे, जिससे पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा। कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी इस आयोजन में हिस्सा लेंगे, जिससे युवाओं में ऊर्जा और उत्साह बढ़ेगा।

इस खास मौके पर पद्मश्री सुदर्शन पटनायक ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए रेत से मैराथन का लोगो तैयार किया, जो लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना। उन्होंने कहा कि यह दिन सभी के लिए खास है और इस तरह के आयोजन पुरी को एक नई पहचान देने में मदद करेंगे। रेत से बनाया गया लोगो इस इवेंट की खास पहचान बन गया है।

सुजर्शन पटनायक ने कहा, “पुरी पर्यटन विभाग और ओएमसी द्वारा ‘कोस्टल मैराथन’ का आयोजन किया जा रहा है। मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मुझे सैंड आर्ट के जरिए इसका लोगो बनाने का मौका मिला।”

कार्यक्रम में कई खिलाड़ी और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे, जिससे माहौल और भी जीवंत हो गया। उपमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भगवान जगन्नाथ की नगरी से शुरू हुआ यह आयोजन पुरी को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दिलाएगा।