SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘ध्रुव राठी की नागरिकता और वीजा की हो जांच’, पूर्व आईपीएस भास्कर...

‘ध्रुव राठी की नागरिकता और वीजा की हो जांच’, पूर्व आईपीएस भास्कर राव ने गृह सचिव को लिखा पत्र

0
1

बेंगलुरु, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। बेंगलुरु में एसआईआर के खिलाफ हुए प्रदर्शन में शामिल होने के बाद यूट्यूबर ध्रुव राठी की नागरिकता और वीजा को लेकर सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी और बेंगलुरु के पूर्व पुलिस कमिश्नर भास्कर राव ने केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखकर ध्रुव राठी की नागरिकता, वीजा और इमिग्रेशन स्टेटस की जांच की मांग की है।

भास्कर राव ने अपने पत्र में कहा है कि ध्रुव राठी ने 8 अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में एसआईआर यानी वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ आयोजित प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। इस दौरान उनके साथ अभिनेता-एक्टिविस्ट प्रकाश राज और अन्य लोग भी मौजूद थे। प्रदर्शन के दौरान ध्रुव राठी ने चुनाव आयोग की आलोचना करते हुए एसआईआर प्रक्रिया में ‘जीरो ट्रांसपेरेंसी और जीरो जवाबदेही’ का आरोप लगाया था।

पूर्व आईपीएस अधिकारी ने अपने पत्र में कहा कि समझा जाता है कि ध्रुव राठी के पास जर्मन नागरिकता है। इसलिए उन्होंने उनके पासपोर्ट, वीजा की कैटेगरी, भारत आने के उद्देश्य, रहने की अधिकृत अवधि और इमिग्रेशन कानूनों के पालन की जांच की मांग की है।

उन्होंने यह भी पूछा है कि क्या ध्रुव राठी के पास ओसीआई कार्ड या कोई अन्य दर्जा है और क्या भारत की चुनावी प्रक्रिया से जुड़े एक संगठित राजनीतिक प्रदर्शन में उनका शामिल होना नियमों के तहत अनुमत है।

बता दें कि यूट्यूबर ध्रुव राठी 8 अक्टूबर को बेंगलुरु पहुंचे थे। उन्होंने फ्रीडम पार्क में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) और अन्य नागरिक संगठनों द्वारा आयोजित एसआईआर और वोटर लिस्ट से नाम काटे जाने के विरोध में हो रहे प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। अभिनेता प्रकाश राज ने उन्हें इस प्रदर्शन का ‘सरप्राइज गेस्ट’ बताया था। प्रकाश राज ने ही उन्हें मंच पर आमंत्रित किया था।

बता दें कि चुनाव आयोग के खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में विपक्षी दलों का प्रदर्शन जारी है। इसे देखते हुए राजधानी दिल्ली में संसद मार्ग और जंतर-मंतर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विपक्षी दलों का कहना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। विपक्ष ने चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं।