Wednesday, August 19, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय दिल्ली में 10 से 12 जनवरी तक होगा ‘विकसित भारत यंग इंडिया...

दिल्ली में 10 से 12 जनवरी तक होगा ‘विकसित भारत यंग इंडिया डायलॉग 2027’, एक करोड़ युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य

0
6

नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली में ‘विकसित भारत यंग इंडिया डायलॉग 2027’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय यह युवा केंद्रित कार्यक्रम 10 से 12 जनवरी तक भारत मंडपम में आयोजित होगा। इसका उद्देश्य देश के विकास की यात्रा और भविष्य की दिशा पर युवाओं को संवाद के लिए एक बड़ा मंच उपलब्ध कराना है।

आयोजकों ने 2027 के संस्करण के लिए ‘यंग इंडिया डायलॉग’ मंच से करीब एक करोड़ युवाओं को जोड़ने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं के इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।

यह पहल युवाओं को विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपने विचार, दृष्टिकोण और आकांक्षाएं साझा करने का अवसर देगी। इसके साथ ही राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम के तहत 22 भाषाओं में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इससे अलग-अलग भाषाई पृष्ठभूमि वाले युवाओं को इस पहल से जुड़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

तीन दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम में देशभर के युवा प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इस दौरान विकसित भारत के विजन को केंद्र में रखते हुए विभिन्न गतिविधियों, संवाद और इंटरैक्टिव सत्रों का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का युवाओं के साथ संवाद होगा। प्रधानमंत्री 12 जनवरी को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में युवा प्रतिभागियों से बातचीत करेंगे। इस दौरान वह भारत के विकास, युवा पीढ़ी की आकांक्षाओं और देश के भविष्य को आकार देने में युवाओं की भूमिका से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

‘विकसित भारत यंग इंडिया डायलॉग 2027’ में विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रमुख हस्तियां भी शामिल होंगी। ये हस्तियां युवाओं के साथ संवाद करेंगी और अपने अनुभव तथा विचार साझा करेंगी। अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख हस्तियों की भागीदारी से कार्यक्रम को व्यापक और विविध बनाने की योजना है।

10 से 12 जनवरी तक होने वाला यह आयोजन देशभर के युवाओं को एक साझा मंच पर लाने और विकसित भारत के विजन को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर संवाद को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है।

कार्यक्रम का समापन 12 जनवरी को होगा। इस दिन को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है।