नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बीते दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। सड़कों पर पानी भरने के कारण यातायात की रफ्तार धीमी हो गई और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई जगहों पर बारिश के पानी के साथ सड़कों पर कीचड़ और गड्ढों की समस्या भी बढ़ गई है। लगातार बारिश का असर आवासीय सोसाइटियों में भी देखने को मिला। जलभराव और बारिश के बीच एक सोसाइटी के अंदर ग्रीन बेल्ट की दीवार गिरने की घटना सामने आई, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई। लगातार बारिश के कारण कमजोर हो चुके निर्माण और जमीन में नमी बढ़ने से ऐसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 8 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है।
पूर्वानुमान के अनुसार सुबह, पूर्वाह्न, दोपहर, शाम और रात, सभी समय हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। 8 अगस्त को अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और हल्की बारिश या बूंदाबांदी का दौर जारी रहने की संभावना है। 9 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दिन मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी नहीं दी गई है।
10 अगस्त को तापमान 34 और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान है। इस दिन भी कोई चेतावनी नहीं है। 11 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश हो सकती है। आर्द्रता 85 से 75 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दिन भी कोई चेतावनी नहीं दी है।
12 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं, 13 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कोई चेतावनी नहीं है। इस तरह अगले कई दिनों तक तापमान में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है, लेकिन उमस और बारिश का असर बना रहेगा। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और सड़कों की स्थिति खराब होने की समस्या बनी रह सकती है।

