SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय दिवाली के बाद दिल्ली की हवा और जहरीली, 15 निगरानी केंद्रों पर...

दिवाली के बाद दिल्ली की हवा और जहरीली, 15 निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई 400 के पार

0
1

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। दिवाली के एक दिन बाद सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर बेहद खराब बना रहा। शहर के 15 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 के पार दर्ज किया गया। सोमवार सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 366 रहा, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।

सुबह के समय राजधानी के कई इलाकों में स्मॉग की घनी चादर छाई रही, जिससे सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के कई जिलों में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इससे सुबह के समय दृश्यता और प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

प्रदूषण के लिहाज से सोनिया विहार सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में रहा, जहां एक्यूआई 449 दर्ज किया गया। इसके बाद बुराड़ी क्रॉसिंग में 445 और विवेक विहार में 441 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया।

जहांगीरपुरी में एक्यूआई 439, दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 437 और रोहिणी में 435 दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में एक्यूआई 431 रहा। इसके अलावा बवाना में 424, चांदनी चौक और पटपड़गंज में 418-418, मुंडका में 413 तथा एनआईएच नरेला और पंजाबी बाग में 408-408 एक्यूआई दर्ज किया गया।

इस बीच, आईएमडी ने दिल्ली के लिए जिला स्तर पर कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राजधानी के कई इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा समेत कई जिलों को अलर्ट पर रखा गया है। इन इलाकों में दृश्यता में तेजी से गिरावट आने की संभावना है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली-नोएडा डायरेक्ट (डीएनडी) फ्लाईवे के आसपास भी वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में रही। यहां एक्यूआई 338 दर्ज किया गया।

राजधानी में बढ़ते प्रदूषण के बीच सड़कों पर वाहनों की आवाजाही जारी रही, जबकि कई इलाकों में धुंध और स्मॉग के कारण दृश्यता प्रभावित रही। दिवाली के बाद भी प्रदूषण का गंभीर स्तर पर बने रहना राजधानी के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।