मैके, 20 अगस्त (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज बांग्लादेश ने यादगार जीत के साथ किया है। डार्विन में खेले गए पहले टेस्ट में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराया था। हालांकि, टीम के हेड कोच फिल सिमंस ने अपनी टीम को चेतावनी दी है कि वे दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की जोरदार वापसी के लिए तैयार रहें। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने खेल को और बेहतर बनाने का आग्रह किया।
सिमंस ने साफ कहा कि डार्विन में मिली जीत भले ही बहुत बड़ी थी, लेकिन काम अभी पूरा नहीं हुआ है क्योंकि वे ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “मैंने उनसे बस यही कहा था और मैं इसे दोहराऊंगा भी कि ऑस्ट्रेलिया और जबरदस्त तरीके से वापसी करेगा। इसलिए हमें या तो उसी स्तर का प्रदर्शन बनाए रखना होगा या उससे थोड़ा बेहतर करना होगा। अगर हमें कुछ क्षेत्रों में 1 प्रतिशत भी बेहतर होना पड़े, तो हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम ऐसा करें। हालांकि, हम जानते हैं कि वे अपना खेल बदलेंगे। वे हम पर और जबरदस्त अटैक हमला करेंगे।”
टीम की काम करने की लगन पर बात करते हुए सिमंस ने कहा कि डार्विन में मैच से पहले क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ वॉर्मअप मैच में सिर्फ 54 रन पर ऑलआउट होने के बावजूद, टीम पर उनका भरोसा कभी कम नहीं हुआ। “मैंने देखा है कि तीन दिन के मैच से पहले हमने कैसे प्रैक्टिस की, और मैंने देखा है कि टेस्ट मैच से पहले के तीन दिनों में हमने कैसे प्रैक्टिस की। हमारा काम करने का तरीका नहीं बदला। भले ही हमने 54 रन बनाए – जो एक खराब दिन था – लेकिन काम करने की गति या लगन नहीं बदली। इससे मुझे यह भरोसा मिलता है कि खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं।”
मुख्य टीम में शामिल होने के बाद बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम ने नेट्स में प्रभावित किया, लेकिन सिमंस ने संकेत दिया कि वे जीतने वाली टीम में कोई बदलाव करने के इच्छुक नहीं हैं। उन्होंने कहा, “वह कुछ अलग लेकर आते हैं। मगर फिर भी, हमने अभी-अभी एक टेस्ट मैच जीता है। मैं उन लोगों में से हूं, जो जीतने वाली टीम में बदलाव करना पसंद नहीं करते। इसी कारण इसकी संभावना तो है, लेकिन मैं पक्के तौर पर कुछ नहीं कह सकता।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं सभी गेंदबाजों से प्रभावित हूं, क्योंकि मुझे लगता है कि सभी ने उसी तरह गेंदबाजी की जैसा हमने तय किया था। वह (ऑस्ट्रेलियाई टीम के) अच्छे बल्लेबाज हैं, वे वर्ल्ड-क्लास बल्लेबाज हैं। आप ऐसी जगहों पर लगातार गेंदबाजी करने की कोशिश करते हैं, जहां उनकी परीक्षा हो सके। इस बार यह काम कर गया। हो सकता है कि किसी और दिन यह काम न करे। हालांकि, जब तक हम अपनी योजना पर टिके रहते हैं और यह पक्का करते हैं कि वे हर समय दबाव में रहें, बस यही हम चाहते हैं।”
डार्विन में बांग्लादेश की सफलता पहली पारी में उनके शानदार प्रदर्शन पर टिकी थी, जहां उन्होंने 138 ओवर बल्लेबाजी करके 426 रन बनाए थे। सिमंस चाहते हैं कि उनकी टीम दूसरे टेस्ट में भी इसी तरह का खेल दिखाए। “टेस्ट क्रिकेट पांच दिन का होता है, अगर मेरी टीम उन 5 दिनों में से 11 घंटे बल्लेबाजी कर सकती है, तो दूसरी टीम पर दबाव जरूर बनेगा।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरे लिए टेस्ट क्रिकेट में मैंने यही सीखा है। आप बल्लेबाजी करते हैं, आप स्कोर बनाते हैं। पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाना हमेशा अच्छा होता है। फिर आप दूसरी टीम पर दबाव बनाते हैं। हम यही करने की कोशिश कर रहे हैं। पहली पारी में बल्लेबाजी करके बड़ा स्कोर बनाना और यह पक्का करना कि दूसरी टीम को उस स्कोर तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़े।”

