Thursday, July 16, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को बंगाल के निर्माता को उचित सम्मान देना...

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को बंगाल के निर्माता को उचित सम्मान देना गर्व की बात: दिलीप घोष

0
13

कोलकाता, 6 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित पश्चिम बंगाल दौरे से पहले राज्य की राजनीति गर्म हो गई है। राज्य सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने अमित शाह के दौरे, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापना, तृणमूल कांग्रेस पर हमले और कानून-व्यवस्था जैसे कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने बताया कि पश्चिम बंगाल के निर्माता और प्रमुख राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रतिमा के शिलान्यास का कार्य केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। डॉ. मुखर्जी स्वतंत्र भारत के पहले राजनीतिक शहीद थे और उन्हें उचित सम्मान देना बंगाल के लिए गर्व की बात है। अमित शाह ने लंबे समय तक बंगाल में राजनीतिक बदलाव के लिए काम किया है।

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी द्वारा टीएमसी के तीन बैंक खातों की जांच की मांग के सवाल पर दिलीप घोष ने कहा कि यह पूरी तरह कानूनी मामला है। संबंधित पक्ष अदालत या राजनीतिक स्तर पर इस लड़ाई को लड़ सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि टीएमसी के सभी विधायक विधानसभा में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, क्योंकि जनता ने उन्हें इसी उद्देश्य से चुना है।

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के घर के बाहर पुलिस तैनाती के मुद्दे पर दिलीप घोष ने कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें इस बात का डर है कि कोई उन पर अंडे फेंक सकता है, इसलिए सुरक्षा बढ़ाई गई है। सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।

राज्य में 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या तथा संदिग्ध आरोपी की पीट-पीटकर हत्या की घटना पर मंत्री ने कहा कि सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

दिलीप घोष ने कहा कि राज्य में सरकार बदल चुकी है और कानून का राज स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है। चाहे कोई भी व्यक्ति हो, यदि वह गलत काम करेगा या कानून तोड़ेगा, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि इक्का-दुक्का घटनाएं भी सामने आती हैं, तब भी दोषियों को किसी प्रकार की राहत नहीं मिलेगी।