बेंगलुरु, 23 अगस्त (आईएएनएस)। दिलीप ट्रॉफी 2026 का दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला नॉर्थ जोन और वेस्ट जोन के बीच खेला जा रहा है। पहली पारी में नॉर्थ जोन के बल्लेबाजों का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और पूरी टीम 251 रन बनाकर ऑलआउट हुई। इसके जवाब में पहले दिन का खेल खत्म होने तक वेस्ट जोन ने 2 विकेट खोकर 31 रन बनाए हैं।
वेस्ट जोन की शुरुआत भी पहली पारी में खराब रही है और दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने 2 विकेट खोकर 31 रन बना लिए हैं। पृथ्वी शॉ बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 21 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद आउट हुए। वहीं, हरविक देसाई को 3 रनों के स्कोर पर अर्शदीप सिंह ने पवेलियन भेजा। स्टंप्स होने तक वेस्ट जोन की तरफ से मुशीर खान 6 और शिवालिक शर्मा बिना खाता खोले क्रीज पर बने हुए हैं।
इससे पहले, नॉर्थ जोन की शुरुआत भी बेहद खराब रही। यश धुल 9 रन बनाकर शार्दुल ठाकुर की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद कमरान अकमल भी अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 26 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे विकेट के लिए आयुष दोसेजा और आयुष बदोनी ने मिलकर 72 रनों की अहम साझेदारी निभाई। दोसेजा 110 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, बदोनी अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद 51 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
अब्दुल समद सिर्फ 6 रन ही बना सके, जबकि कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज कन्हैया वाधवान 37 गेंदें खेलने के बाद सिर्फ 5 रन ही बना सके। निशांत सिंधु महज 15 रन बनाकर मुकेश चौधरी का शिकार बने। हालांकि, अंशुल कंबोज ने अंत में आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों में 60 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और पांच छक्के लगाए। अर्शदीप 4 रन ही बना सके। गेंदबाजी में वेस्ट जोन की तरफ से तनुश कोटियान ने 72 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि तुषार देशपांडे ने 57 रन खर्च करते हुए चार विकेट निकाले। वहीं, मुकेश चौधरी और शार्दुल ठाकुर को एक-एक विकेट मिला।

