SGSU Advertisement
Home खेल दूसरा टी20: जिम्बाब्वे की ‘फ्लॉप’ बल्लेबाजी, भारत के सामने सिर्फ 103 रन...

दूसरा टी20: जिम्बाब्वे की ‘फ्लॉप’ बल्लेबाजी, भारत के सामने सिर्फ 103 रन का टारगेट

0
4

रायुपर, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत की कसी हुई गेंदबाजी के सामने मेहमान जिम्बाब्वे शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी दूसरे टी20 मैच में 102/8 का स्कोर ही बना सकी। इस पारी में निकी प्रसाद (7 रन पर 2 विकेट) ने खासा प्रभावित किया।

रायुपर में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद धीमी रही। केलिस नधलोवु और बिलव्ड बिजा के रूप में सलामी जोड़ी 3.3 ओवरों में सिर्फ 10 रन जुटा सकी थी। नंदनी शर्मा ने नधलोवु को बोल्ड किया, जो 11 गेंदों में अपना खाता तक नहीं खोल सकीं।

इसके बाद बिजा ने चिपो मुगेरी-तिरिपानो के साथ दूसरे विकेट के लिए 16 गेंदों में 10 रन जुटाए। बिजा ने 13 गेंदों में 7 रन बनाए। इसके बाद मेहमान टीम ने 8.1 ओवरों में 30 के स्कोर तक शार्न मेयर्स (9) के रूप में अपना तीसरा विकेट भी गंवा दिया।

यहां से टीम परेशानी में थी, जिसके बाद चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने कप्तान जोसेफिन नकोमो के साथ चौथे विकेट के लिए 36 गेंदों में 45 रन की साझेदारी करते हुए जिम्बाब्वे को संभालने की कोशिश की, लेकिन 15वें ओवर की शुरुआती दो गेंदों पर निकी प्रसाद ने तिरिपानो और न्याशा ग्वानजुरा (0) का विकेट लेकर मेहमानों को संकट में डाल दिया। इस पारी में जोसेफिन नकोमो ने मोडेस्टर मुपाचिक्वा के साथ छठे विकेट के लिए 20 गेंदों में 19 रन जोड़े।

इस पूरी पारी में सिर्फ दो बल्लेबाजों ने दहाई का आंकड़ा छुआ। तिरिपानो 32 गेंदों में 5 चौकों के साथ 34 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि कप्तान नकोमो ने 35 गेंदों में 27 रन की नाबाद पारी खेली। भारत की तरफ से निकी प्रसाद ने 2 ओवरों में 7 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि क्रांति गौड़, नंदिनी शर्मा, दीप्ति शर्मा और श्री चरणी को 1-1 सफलता हाथ लगी।

भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, अनुष्का शर्मा, हरमनप्रीत कौर, निकी प्रसाद, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, श्री चरणी, नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़ शामिल हैं।

वहीं, जिम्बाब्वे की टीम केलिस नधलोवु, बिलव्ड बिजा, मोडेस्टर मुपाचिक्वा (विकेटकीपर), शार्न मेयर्स, न्याशा ग्वानजुरा, मिशेल मावुंगा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, फ्रांसिस्का चिपारे, जोसेफिन नकोमो (कप्तान), ओलिंडर चारे और तेंडाई मकुशा के साथ इस मैच में उतरी है।