नैनीताल का ऐतिहासिक बिरला विद्या मंदिर, द्वितीय विश्व युद्ध से जुड़ा है इसका इतिहास: प्रधानाचार्य अनिल शर्मा

0
5

नैनीताल, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में बसा नैनीताल अपनी सुंदरता और खूबसूरत झील के लिए दुनियाभर में मशहूर है। इस शहर में कई ऐसी चीजें आज भी मौजूद हैं, जिनका संबंध अंतरराष्ट्रीय इतिहास से जुड़ा हुआ है। ऐसा ही एक स्कूल है नैनीताल में लड़ियाकांटा की पहाड़ी में बसा बिरला विद्या मंदिर, जो द्वितीय विश्व युद्ध का अहम अध्याय समेटे हुए है।

इस विद्यालय का इतिहास न केवल प्रसिद्ध शिकारी और प्रकृतिविद् जिम कॉर्बेट से जुड़ा है। विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा के अनुसार, इस संस्थान की औपचारिक शुरुआत जुलाई 1947 में हुई, जबकि इसकी भूमि 1946 में खरीदी गई थी, हालांकि इसकी जड़ें इससे भी पहले 1877 में स्थापित ‘ओक ओपनिंग स्कूल’ से जुड़ी हैं। समय के साथ यह परिसर कई संस्थानों का केंद्र रहा और बाद में प्रसिद्ध ‘फिलेंडर स्मिथ स्कूल’ को भी मसूरी से यहां स्थानांतरित किया गया।

उन्होंने बताया कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान इस स्कूल की भूमिका बेहद खास रही। उस समय ब्रिटिश सेना में तैनात सैनिकों के बच्चों की शिक्षा इसी परिसर में होती थी। साल 1942 से 1946 के बीच इसे ‘हैलेट वार स्कूल’ के नाम से जाना गया, जो उस दौर की ऐतिहासिक परिस्थितियों को दर्शाता है।

इतिहास के पन्नों में दर्ज यह संस्थान कई महान हस्तियों से भी जुड़ा रहा है। प्रसिद्ध शिकारी जिम कॉर्बेट ने यहीं से शिक्षा ग्रहण की थी। आज भी जिम कॉर्बेट का बंगला नैनीताल की आयारपाटा पहाड़ी पर स्थित है, जिसे गर्नी हाउस के नाम से जाना जाता है। इसके अलावा नैनीताल शहर से जिम कॉर्बेट की कई यादें जुड़ी हुई हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बीर बहादुर सिंह भी इसी विद्यालय के छात्र रहे। इसके अलावा पंडित गोविन्द बल्लभ पंत का भी इस स्कूल की स्थापना और विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

प्रधानाचार्य अनिल शर्मा ने बताया कि विद्यालय में हर वर्ष जिम कॉर्बेट और पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की स्मृति में ‘एनुअल यंग आइडियल कंपटीशन’ आयोजित किया जाता है, जो पिछले 9 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा है। आज नैनीताल की पहचान सिर्फ पर्यटन और खूबसूरत नजरों तक सीमित नहीं रही है, बल्कि व्यापक इतिहास समेटे हुए भी है, आज भी इस शहर में कई ऐसी इमारतें और चीजें मौजूद हैं जो इसे बेहद खास बनाती है। उन्होंने कहा कि इस स्कूल से पढ़ने वाले बच्चे बहुत अच्छा कर रहे हैं।