SGSU Advertisement
Home Student & Youth ईसीएचएस भर्ती 2026: मेडिकल ऑफिसर सहित 23 पदों पर आवेदन जारी, 14...

ईसीएचएस भर्ती 2026: मेडिकल ऑफिसर सहित 23 पदों पर आवेदन जारी, 14 अक्टूबर तक अवसर

0
6

नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े जो लोग नौकरी की तलाश में जुटे हैं, उनके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) सेल ने मेडिकल, पैरा-मेडिकल और नॉन-मेडिकल के 23 स्टाफ को संविदा के आधार पर नियुक्त करने के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।

ईसीएचएस की ओर से जारी 23 रिक्तियों में रेडियोलॉजिस्ट के 2, गायनेकोलॉजिस्ट का 1, मेडिकल स्पेशलिस्ट का 1, मेडिकल ऑफिसर के 6, नर्सिंग असिस्टेंट के 3, फार्मासिस्ट का 1, डेंटल टेक का 1, सीआईके का 1, डीईओ के 2, महिला अटेंडेंट का 1, चौकीदार का 1, प्यून के 2 और सफाईवाला का 1 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से 10वीं/मैट्रिक, 12वीं और ग्रेजुएशन/पोस्ट ग्रेजुएशन/डिप्लोमा/कोर्स के सर्टिफिकेट और मार्कशीट, संबंधित स्पेशलिटी में एमडी/एमएस सर्टिफिकेट (स्पेशलिस्ट पदों के लिए) होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में अनुभव होना भी जरूरी है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, इंटरव्यू, मेडिकल फिटनेस, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 21,800 से 1,30,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

इंटरव्यू 2 नवंबर को सुबह 9.30 बजे से स्टेशन मुख्यालय में आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए अभ्यर्थियों का केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 9 बजे तय किया गया है। जो अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा, अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ईसीएचएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पदों के लिए दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे ‘ओआईसी, स्टेशन मुख्यालय (ईसीएचएस सेल)’ पते पर डाक के माध्यम से तय समय सीमा के अंदर पहुंचा दें।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि ईएसएम (भूतपूर्व सैनिक) के लिए नियुक्ति की अवधि एक वर्ष और सिविल कैंडिडेट्स के लिए 11 महीने होगी। इसे अधिकतम उम्र सीमा तक एक-एक वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है, जो उम्मीदवारों के परफॉर्मेंस और हर पोस्ट के लिए तय शर्तों पर निर्भर करेगा। हालांकि, ज्यादा जानकारी के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट चेक कर सकते हैं।