ईडी की जांच में आप के ‘कट्टर ईमानदार’ का चेहरा बेनकाब: बिक्रम सिंह मजीठिया

0
3

चंडीगढ़, 7 मई (आईएएनएस)। पंजाब के मोहाली और चंडीगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इसी बीच, शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने ईडी की जांच को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मजीठिया ने कहा कि ईडी की जांच ने पंजाब में आप के कट्टर ईमानदार नैरेटिव को पूरी तरह से उजागर कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि ईडी ने अपनी जांच में स्पष्ट रूप से कहा है कि गौरव धीर, पंजाब आप के प्रमुख और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा के करीबी सहयोगी हैं। यह मामला कथित तौर पर सीएलयू घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, “ईडी की जांच ने पंजाब में आप के कट्टर ईमानदार होने के दावे की धज्जियां उड़ा दी हैं। ईडी ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि गौरव धीर, आप के एक बड़े नेता, पंजाब आप के प्रमुख और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, का करीबी सहयोगी है। यह बात कथित सीएलयू धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सामने आई है। ईडी ने आगे कहा है कि दो बिचौलिए, नितिन गोहल और प्रीतपाल सिंह ढींडसा, भी इस जांच के दायरे में आए हैं। इन्होंने सरकारी तंत्र से राजनीतिक संरक्षण और सुरक्षा दिलाने में मदद की थी।”

मजीठिया ने आगे कहा, “राजनीतिक संरक्षण, सरकारी कामकाज में दखलंदाजी, जमीन के जाली दस्तावेज, फर्जी सीएलयू, मनी लॉन्ड्रिंग और बालकनियों से नोटों की बारिश, आज पंजाब इसी तरह का मॉडल देख रहा है। ई़डी का कहना है कि तलाशी के दौरान कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं और अलग-अलग जगहों से लगभग 1 करोड़ रुपए की नकद राशि जब्त की गई है। पंजाब को आम आदमी पार्टी के नेतृत्व से इस बात का जवाब चाहिए कि इन नेटवर्क को किसने संरक्षण दिया और इस कथित घोटाले से किसे फायदा पहुंचा।”