Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल एलिमिनेटर मैच में मिली जीत से गदगद कप्तान रियान, बोले-गेंदबाजों ने शानदार...

एलिमिनेटर मैच में मिली जीत से गदगद कप्तान रियान, बोले-गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन से किया प्रभावित

0
6

न्यू चंड़ीगढ़, 28 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 47 रनों से हराया। टीम के प्रदर्शन से कप्तान रियान पराग गदगद नजर आए। उन्होंने खासतौर पर गेंदबाजों के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की।

एसआरएच के खिलाफ मिली जीत के बावजूद कप्तान रियान ने माना कि टीम को अंतिम ओवरों में बेहतर बल्लेबाजी करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “हां, यह एक शानदार मैच था, हालांकि मैं सब कुछ परफेक्ट होने में विश्वास रखता हूं। मैं इस बात को जानता हूं कि यह मुकाबला हमारे लिए पूरी तरह से परफेक्ट नहीं रहा। अच्छी शुरुआत के बाद हमको इस मुकाबले में कम से कम 260 रन बनाने चाहिए थे। ऐसे में हमें इस पर काम करना होगा। हमें इस पर ध्यान देना होगा कि वैभव द्वारा दी गई धमाकेदार शुरुआत के बाद हम पारी का अंत भी अच्छे से करें।”

रियान ने आरआर के गेंदबाजों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा, “गेंदबाजों के प्रदर्शन से मैं खासा प्रभावित हूं। मुझे लगता है कि हमने अपना धैर्य बनाए रखा। एसआरएच ने पहले और दूसरे ओवर में काफी रन बनाए थे, जब ईशान और ट्रेविस हेड ने कुछ बाउंड्री लगाई थी। इसके बाद गेंदबाजों ने शानदार वापसी की और कुल मिलाकर टीम का प्रदर्शन बढ़िया रहा।”

कप्तान रियान ने बताया कि वैभव से वह कोई ज्यादा बातचीत नहीं करते हैं और उन्हें खुलकर खेलने की आजादी देते हैं।” बात यह है कि हमारी कोई बातचीत ही नहीं होती। हम उन्हें अकेले छोड़ देते हैं और वैभव को उनके हिसाब से बल्लेबाजी करने का आनंद लेने देते हैं। वैभव को बल्लेबाजी करना बहुत पसंद है और इसी कारण उन्हें नेट्स में खूब प्रैक्टिस कराई जाती है, जिसके बाद वह वही काम मैदान पर आकर करते हैं।”

वैभव ने एलिमिनेटर मुकाबले में एसआरएच के खिलाफ सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की आतिशी पारी खेली। अपनी इस पारी में वैभव ने 5 चौके और 12 छक्के लगाए। वैभव संयुक्त रूप से प्लेऑफ मुकाबलों में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने महज 16 गेंदों में अर्धशतक लगाते हुए सुरेश रैना के रिकॉर्ड की बराबरी की। राजस्थान रॉयल्स की भिड़ंत दूसरे क्वालीफायर में अब 29 मई को गुजरात टाइटंस से होगी।