नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (ईआईएल) ने अनुभवी इंजीनियरों को निश्चित अवधि के आधार पर नियुक्त करने के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके एसोसिएट इंजीनियर के विभिन्न 12 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की है।
ईआईएल की ओर से जारी रिक्तियों में एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-1 (पाइपलाइन/पाइपिंग इंजीनियर) के 6, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-1 (ऑफशोर स्ट्रक्चरल इंजीनियर) के 4 और एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-1 (प्रोजेक्ट इंजीनियर) के 2 पद शामिल हैं।
एसोसिएट इंजीनियर के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 25 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 सितंबर तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे ईआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद के अनुसार मैकेनिकल में बीई/बीटेक/बीएससी (इंजीनियरिंग), सिविल/ओशन/मरीन/नेवल आर्किटेक्चर में बीई/बीटेक/बीएससी (इंजीनियरिंग) और मैकेनिकल/सिविल/ओशन/मरीन/नेवल आर्किटेक्चर में बीई/बीटेक/बीएससी (इंजीनियरिंग) होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम 2 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 32 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 31 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 57,600 से 64,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
वॉक-इन इंटरव्यू ईआईएल के गुरुग्राम, चेन्नई, बेंगलुरु, कोलकाता, मुंबई और वडोदरा ऑफिस में आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए कैंडिडेट को सुबह 8 बजे रिपोर्ट करना होगा। हालांकि, सिलेक्शन प्रोसेस की सही तारीख, समय और जगह की जानकारी कैंडिडेट को उनके रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर अलग से दी जाएगी।



