SGSU Advertisement
Home खेल इंग्लैंड के खिलाफ गद्दाफी स्टेडियम में गुलाबी जर्सी पहनकर उतरेगी पाकिस्तानी टीम,...

इंग्लैंड के खिलाफ गद्दाफी स्टेडियम में गुलाबी जर्सी पहनकर उतरेगी पाकिस्तानी टीम, ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना मकसद

0
9

लाहौर, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) 25 अक्टूबर को पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच होने वाली वनडे ट्र्राई सीरीज के चौथे मैच का इस्तेमाल ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए करेगा। इस अभियान में खिलाड़ी, मैच अधिकारी और ब्रॉडकास्टर शामिल होंगे, जिसका मकसद इस बीमारी की जल्द पहचान और समय पर इलाज के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना है।

श्रीलंका को भी शामिल करने वाली इस ट्राई सीरीज के तहत, लाहौर का गद्दाफी स्टेडियम गुलाबी रंग में रंगा नजर आएगा। पीसीबी अपनी ‘कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी’ (सीएसआर) पहल के तहत ‘ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता दिवस’ मनाएगा। यह अभियान ‘पिंकटोबर’ के दौरान चलाया जा रहा है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ‘ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता माह’ के रूप में मनाया जाता है।

पाकिस्तान की पुरुष टीम विशेष रूप से तैयार की गई गुलाबी किट पहनकर मैदान पर उतरेगी। वहीं, इंग्लैंड की टीम के सदस्य, मैच अधिकारी और कमेंटेटर भी मरीजों और इस बीमारी से उबर चुके लोगों के प्रति अपना समर्थन दिखाने के लिए गुलाबी रिबन पहनेंगे। यह जागरूकता अभियान पूरे स्टेडियम में दिखाई देगा। मैच के दौरान गुलाबी रंग के स्टंप्स का इस्तेमाल किया जाएगा और स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन तथा एलईडी बोर्ड्स पर जागरूकता संदेश दिखाए जाएंगे। कमेंटेटर भी लाइव प्रसारण के दौरान ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता के महत्व पर बात करेंगे, ताकि पाकिस्तान और विदेशों में मौजूद दर्शकों तक यह संदेश पहुंच सके।

मैच के दिन होने वाली गतिविधियों के साथ-साथ पीसीबी एक डिजिटल अभियान भी चलाएगा। इसमें पाकिस्तान के खिलाड़ी विशेष रूप से रिकॉर्ड किए गए वीडियो के जरिए लोगों को इस बीमारी के बारे में जानने और जल्द जांच के महत्व को समझने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। मैच से पहले बोर्ड के आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों पर भी इस अभियान से जुड़ी विशेष जानकारी साझा की जाएगी।

मैच देखने आने वाले दर्शक गद्दाफी स्टेडियम में ‘पिंक रिबन’ से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगे। ये गतिविधियां मैच शुरू होने से दो घंटे पहले शुरू होंगी। इन पहलों का मुख्य उद्देश्य जागरूकता फैलाना, समय पर इलाज के लिए प्रेरित करना और ब्रेस्ट कैंसर से प्रभावित लोगों के प्रति समर्थन जताना है।

इसके अलावा, बोर्ड अपने आधिकारिक रिटेल स्टोर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सीमित संस्करण (लिमिटेड एडिशन) वाले गुलाबी रंग के मर्चेंडाइज भी ला रहा है, जिनमें ट्रैवल पोलो शर्ट और फैंस के लिए शर्ट शामिल हैं। इस कलेक्शन के जरिए समर्थक भी इस अभियान में शामिल हो सकते हैं और इस नेक काम के प्रति अपना समर्थन दिखा सकते हैं। इस पहल के जरिए पीसीबी का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की पहुंच का इस्तेमाल करके ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने में लोगों को शामिल करना है। इसमें मुख्य रूप से बीमारी की रोकथाम, स्क्रीनिंग और समय पर इलाज तक पहुंच पर ध्यान दिया जाएगा।