Sunday, August 23, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth ईएसआईसी दिल्ली में नौकरी का मौका: सीनियर कंसल्टेंट सहित 17 पदों आवेदन...

ईएसआईसी दिल्ली में नौकरी का मौका: सीनियर कंसल्टेंट सहित 17 पदों आवेदन शुरू, 4 जून अंतिम तिथि

0
29

नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। कर्मचारी राज्य बीमा निगम दिल्ली (ईएसआईसी), दिल्ली, ने संविदा के आधार पर सीनियर कंसल्टेंट सहित विभिन्न 17 पदों पर भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके पात्र उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।

ईएसआईसी की ओर से जारी 17 पदों में यंग प्रोफेशनल (युवा पेशेवर) के 9, कंसल्टेंट (श्रेणी-1) के 5, कंसल्टेंट (श्रेणी-2) के 2, और सीनियर कंसल्टेंट (वरिष्ठ सलाहकार) के 1 पद शामिल हैं। इन पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई है, और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 4 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार कंप्यूटर विज्ञान/आईटी/सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री, बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (आईटी)/बीटेक (आईटी), स्वास्थ्य प्रबंधन/जन स्वास्थ्य/स्वास्थ्य में मास्टर डिग्री, या अन्य होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास सभी पदों के लिए प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु पद अनुसार 32 से 62 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन स्क्रीनिंग, शॉर्टलिस्टिंग, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित अभ्यर्थियों की सैलरी पद अनुसार 70,000 से 3,30,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार सबसे पहले ईएसआईसी-दिल्ली की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद, संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद, रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर, फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद, रजिस्ट्रेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में, आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।