तिरुवनंतपुरम, 19 मई (आईएएनएस)। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) मॉडल और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल आश्रमम, कोल्लम, केरल, ने अनुबंध के आधार पर विभिन्न विभागों में सुपर स्पेशलिस्ट (पूर्णकालिक/अंशकालिक), स्पेशलिस्ट (पूर्णकालिक/अंशकालिक), और सीनियर रेजिडेंट (1 वर्ष) की नियुक्ति के लिए कुल 19 पदों पर वैकेंसी का एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।
ईएसआईसी की ओर से जारी 19 पदों में सुपर स्पेशलिस्ट (पूर्णकालिक/अंशकालिक) के 1, स्पेशलिस्ट (पूर्णकालिक/अंशकालिक) के 7 और सीनियर रेजिडेंट (1 वर्ष) के 11 पद शामिल हैं। वहीं, सुपर स्पेशलिस्ट (पूर्णकालिक/अंशकालिक) का 1 पद एंडोक्रिनोलॉजी (अंतःस्राविकी) विभाग से है। स्पेशलिस्ट के 7 पदों में सामान्य चिकित्सा, त्वचा रोग विज्ञान और सूक्ष्मजीव विज्ञान से 1-1 पद; आईसीयू और आपातकालीन विभाग (ए एंड ई) से 2-2 पद शामिल हैं।
सीनियर रेजिडेंट (1 वर्ष) के 11 पद जिन विभागों से शामिल हैं, उनमें हृदयरोग विशेषज्ञ, नेफ्रोलॉजी, प्रसूति एवं स्त्रीरोग विशेषज्ञ और ईएनटी से 1-1; सामान्य शल्य चिकित्सा और आईसीयू से 2-2; एवं सामान्य चिकित्सा से 3 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर की जाएगी, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 60,000 से 2,40,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विशेषज्ञता में एमसीएच/डीएम/डीएनबी या पीजी डिग्री/डीएनबी/डिप्लोमा होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु सुपर स्पेशलिस्ट और स्पेशलिस्ट पद के लिए 69 वर्ष और सीनियर रेजिडेंट पद के लिए 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू की तारीख के हिसाब से की जाएगी।
वॉक-इन इंटरव्यू 25 मई को ‘कॉन्फ्रेंस हॉल, ईएसआईसी मॉडल और सुपरस्पेशलिटी अस्पताल, आश्रमम’ पते पर आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन इंटरव्यू से पहले सुबह 9 बजे से 10 बजे के बीच छात्रों का रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा किया जाएगा। ऐसे में जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उनके लिए केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 9 बजे तय किया गया है। ऐसे में सभी अभ्यर्थियों को समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी सभी संबंधित मूल डॉक्यूमेंट्ल और उनकी फोटोकॉपी के साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।
आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ईएसआईसी-केरल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन अपने साथ केंद्र पर ले जाएं।

