SGSU Advertisement
Home राजनीति ईवीएम और ‘वोट चोरी’ के आरोप दुर्भावनापूर्ण, संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर...

ईवीएम और ‘वोट चोरी’ के आरोप दुर्भावनापूर्ण, संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रही कांग्रेस : बाबूलाल मरांडी

0
2

रांची, 28 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को दुर्भावना की राजनीति से प्रेरित करार दिया है। गिरिडीह में सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कांग्रेस की ओर से चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने का सिलसिला नया नहीं है। अलग-अलग चुनावों के दौरान ईवीएम, राफेल और अब ‘वोट चोरी’ जैसे मुद्दे उठाए जा रहे हैं, जिनका कोई तार्किक और तथ्यात्मक आधार नहीं है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मुद्दे बदलते रहे हैं लेकिन आरोपों के समर्थन में ठोस प्रमाण सामने नहीं रखे गए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयानों से लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाल में चुनाव आयोग से संबंधित एक मीडिया रिपोर्ट सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग के अन्य अधिकारियों की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आयोग का पक्ष स्पष्ट किया गया। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि उसके सभी निर्णय, जिसमें विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) भी शामिल है, मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों की मंजूरी से सर्वसम्मति से लिए गए हैं।

मरांडी ने कहा कि चुनाव आयोग जैसे संवेदनशील संवैधानिक संस्थान और उसकी प्रक्रियाओं पर लगातार सवाल उठाने से जनता के बीच अविश्वास की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर राजनीतिक आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार को बदनाम करने के लिए इस तरह के मुद्दे उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनता पूरे घटनाक्रम को देख रही है। मरांडी ने विदेश नीति के मुद्दे पर भी कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की ओर से दिए जाने वाले कुछ बयान पाकिस्तान और चीन के हितों के अनुरूप दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के राजनीतिक रवैये को देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

–आईएएनएस

एसएनसी/पीएम