नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर से जुड़े लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, एक्जिम बैंक ने संविदा के आधार पर बिजनेस डेवलपमेंट ऑफिसर्स के कुल 12 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं। इनमें सामान्य के 7, ओबीसी (एनसीएल) के 3, एससी का 1 और ईडब्ल्यूएस का 1 पद शामिल हैं।
एक्जिम बैंक की ओर से जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार बिजनेस डेवलपमेंट ऑफिसर पद पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वह तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ मार्केटिंग/फाइनेंस में पोस्ट-ग्रेजुएशन (कम से कम 2 वर्ष का फुल-टाइम कोर्स) की डिग्री होनी चाहिए। वहीं, फाइनेंस या मार्केटिंग में स्पेशलाइजेशन वाले एमबीए को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास बैंकों, वित्तीय संस्थानों या अपर लेयर एनबीएफसी में कॉर्पोरेट लोन सिंडिकेशन, कॉर्पोरेट क्रेडिट, आदि के लिए प्रोडक्ट्स और सर्विसेज की मार्केटिंग के क्षेत्र में क्वालिफिकेशन के बाद कम से कम 2 वर्ष का अनुभव जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 31 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन की जांच, शॉर्टलिस्टिंग और व्यक्तिगत इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 14.68 लाख रुपए प्रति वर्ष होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एक्जिम बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पदों के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक ही पीडीएफ फाइल में स्कैन कर अधिसूचना में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर तय समय सीमा के अंदर मेल कर दें।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि एक्जिम बैंक की ओर से इन पदों पर नियुक्ति अनुबंध की अवधि शुरू में तीन वर्ष की होगी, जिसे बैंक की मर्जी से आगे दो और वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकेगा।
