Sunday, July 12, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth एक्जिम बैंक में मैनेजमेंट ट्रेनी बनने का सुनहरा मौका, कई पदों पर...

एक्जिम बैंक में मैनेजमेंट ट्रेनी बनने का सुनहरा मौका, कई पदों पर भर्ती शुरू, 14 जून तक भरें फॉर्म

0
13

नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर में नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। इंडिया एक्जिम बैंक (भारतीय निर्यात-आयात बैंक) ने सीधी भर्ती अभियान के तहत प्रबंधन प्रशिक्षुओं (मैनेजमेंट ट्रेनी) के कुल 5 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

एक्जिम बैंक की ओर से जारी मैनेजमेंट ट्रेनी (एमटी) के पदों में अनारक्षित (यूआर) के 4 और ओबीसी (एनसीएल) के 1 पद शामिल हैं। इन पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 15 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार ग्रेजुएशन या होटल और हॉस्पिटैलिटी प्रबंधन/सुविधा प्रबंधन या समकक्ष योग्यता में विशेषज्ञता के साथ पोस्ट-ग्रेजुएशन (एमबीए/पीजीडीबीए/पीजीडीबीएम/एमएमएस) या सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होने चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 30 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन 100 अंकों के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा, पर्सनल इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 48,480 से 85,920 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी के लिए 600 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/पीडब्ल्यूबीडी/ईडब्ल्यूएस और महिला उम्मीदवारों के लिए 100 रुपए तय किया गया है।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एक्जिम बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।