फर्जी निकला मोहाली फोर्टिस अस्पताल को धमकी भरा ईमेल, एसपी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की

0
5

मोहाली, 17 फरवरी (आईएएनएस)। मोहाली के फोर्टिस अस्पताल को ईमेल के जरिए मिली बम धमकी के बाद कैंपस में मंगलवार को पूरी तरह तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। यह जानकारी मोहाली के एसपी सिटी दिलप्रीत सिंह ने दी।

ईमेल लगभग सुबह 8 बजे एक स्कूल के आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुआ था।

एसपी दिलप्रीत सिंह ने बताया कि धमकी भरे ईमेल में फोर्टिस अस्पताल मोहाली को निशाना बनाने का इरादा बताया गया था। इसके जवाब में पुलिस मुख्यालय, रेंज ऑफिस और मोहाली पुलिस की एंटी-सैबोटेज टीमों और बम निस्तारण दल को तुरंत अस्पताल भेजा गया।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से, क्योंकि धमकी स्कूल ईमेल ईडी के जरिए आई थी, आसपास के सभी स्कूलों की भी पूरी तरह जांच की गई, ताकि छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। पूरी तलाशी के बाद कोई संदिग्ध वस्तु या पदार्थ नहीं मिला। एसपी ने कहा कि यह धमकी केवल झूठी प्रतीत होती है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

एसपी दिलप्रीत सिंह ने कहा कि ईमेल के स्रोत की जांच अभी जारी है। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने और अधिकारियों के सहयोग की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट करने का अनुरोध किया।

धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया था। हालांकि, जांच में सामने आया है कि यह धमकी फर्जी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 16 फरवरी को फोर्टिस अस्पताल मोहाली में नियमित स्वास्थ्य जांच कराई। उन्होंने पूरी क्लिनिकल जांच और मानक डायग्नोस्टिक टेस्ट कराए। सभी महत्वपूर्ण पैरामीटर सामान्य सीमा में हैं।

पंजाब सीएम के स्वास्थ्य को लेकर बताया गया कि उन्हें थकान महसूस हो रही थी और उन्हें निगरानी व सहायक देखभाल के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया। उनकी स्थिति स्थिर है और वह मेडिकल टीम की निगरानी में हैं।