Saturday, July 11, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल मिकेल मेरिनो ने रचा इतिहास, फीफा वर्ल्ड कप में यह कारनामा करने...

मिकेल मेरिनो ने रचा इतिहास, फीफा वर्ल्ड कप में यह कारनामा करने वाले बने विश्व के पहले खिलाड़ी

0
4

नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में स्पेन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बेल्जियम को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई। स्पेन की इस जीत के नायक मिकेल मेरिनो रहे, जिन्होंने सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी के तौर पर मैच के 88वें मिनट में विजयी गोल दागा।

मिकेल मेरिनो ने इस गोल के साथ ही फीफा वर्ल्ड कप में इतिहास रच दिया है। मेरिनो ने इससे पहले राउंड ऑफ 16 मैच में पुर्तगाल के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी बतौर सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी विजयी गोल किया था। वहीं, बेल्जियम के खिलाफ भी उन्होंने यही कारनामा दोहराया। मेरिनो एक विश्व कप के दो नॉकआउट मैचों में सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी के तौर पर गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इसके साथ ही वह स्पेन के लिए फीफा वर्ल्ड कप में 80 मिनट के बाद दो मुकाबलों में विजयी गोल दागने वाले भी पहले खिलाड़ी बने हैं।

स्पेन ने इस विश्व कप में अब तक कुल छह मुकाबले खेले हैं, जिसमें से मेरिनो को सिर्फ एक मैच में ही शुरुआती इलेवन में जगह मिली है। वह बतौर सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी पांच मैचों में मैदान पर उतर चुके हैं और उन्होंने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है। बेल्जियम के खिलाफ स्पेन ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। मैच के 30वें मिनट में स्पेन के लिए पहला गोल फैबियन रुइज ने दागा। लैमिन यामल के बेहतरीन रन के बाद पेड्रो पोरो ने बॉक्स में लो क्रॉस दिया, लेकिन डैनी ओल्मो के शॉट को बेल्जियम के गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ रोकने में नाकाम रहे। हालांकि, रिबाउंड पर रुइज ने शानदार शॉट लगाते हुए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया।

हालांकि, बेल्जियम ने पहले हाफ में ही स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। 42वें मिनट में बेल्जियम के लिए चार्ल्स डी केटेलेयर ने मैच का पहला गोल किया। उन्होंने टिमोथी कास्टेग्ने के जबरदस्त क्रॉस पर हेडर की मदद से गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया। 85 मिनट तक स्कोर 1-1 की बराबरी पर रहा और मुकाबला अतिरिक्त समय में जाता हुआ दिख रहा था। हालांकि, 86वें मिनट में स्पेन के कोच ने मिकेल मेरिनो को मैदान पर उतारा और उन्होंने दो मिनट बाद ही गोल करते हुए स्पेन को सेमीफाइनल का टिकट दिलाया। सेमीफाइनल में स्पेन की भिड़ंत अब मंगलवार को फ्रांस से होगी।