मेक्सिको सिटी, 1 जुलाई (आईएएनएस)। मेक्सिको ने बुधवार (भारतीय समय के अनुसार) को इक्वाडोर के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज करते हुए राउंड ऑफ-16 में जगह बना ली है। मैनेजर जेवियर एगुइरे ने इसे टीम के लिए बहुत खास पल बताया है, क्योंकि मेक्सिको ने एक ऐसी बाधा पार की है जिसे वे टीम के साथ अपने पिछले कार्यकाल में पार नहीं कर पाए थे।
साल 1986 में जब मेक्सिको ने टूर्नामेंट की मेजबानी की थी, तब एगुइरे बतौर खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा थे। 67 वर्षीय एगुइरे उन मेक्सिकन टीमों को मैनेज कर चुके हैं, जो 2002 और 2010 के वर्ल्ड कप के पहले नॉकआउट राउंड में ही बाहर हो गई थीं।
‘सिन्हुआ’ की रिपोर्ट के अनुसार, एगुइरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं कभी भी वह पांचवां मैच नहीं खेल पाया। ऐसा साउथ कोरिया और जापान (साल 2002 में) और साउथ अफ्रीका (2010 में) में हुआ था। हमने ग्रुप स्टेज में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन आगे नहीं बढ़ सके।”
जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज के पहले हाफ में किए गए गोल की बदौलत मेक्सिको ने टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत हासिल की और कोई गोल नहीं खाया। इसके बाद एगुइरे ने अपने खिलाड़ियों की एकता की तारीफ करते हुए कहा, “यह टीम जो हासिल कर रही है, उसकी हकदार है। इस के साथ एक खास जुड़ाव है और घर पर वर्ल्ड कप खेलने का सौभाग्य मिला है। आज हम अंतिम-16 टीमों में शामिल हैं और हम लंबे समय से साथ हैं। हम बहुत खुश हैं और पूरी तरह से एकाग्र हैं। हम एक सच्चे परिवार की तरह हैं, और फुटबॉल में ऐसा मिलना मुश्किल है। खिलाड़ी, कोचिंग स्टाफ और पर्दे के पीछे काम करने वाले सभी लोगों में बहुत एकता है।”
मेक्सिको का अगला मुकाबला इंग्लैंड और डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो के बीच बुधवार को होने वाले राउंड ऑफ 32 मैच के विजेता से होगा।
एगुइरे ने कहा कि किसी भी टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, “हम (इंग्लैंड और डीआर कांगो के बीच) मैच देखेंगे और रविवार तक जितना हो सके रिकवर करेंगे। हम पूरे हफ्ते अपना हौसला बनाए रखेंगे और एक और अच्छा मैच खेलने की पूरी कोशिश करेंगे।”

