कैनसस सिटी, 12 जुलाई (आईएएनएस)। स्विट्जरलैंड के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मैच में 3-1 से जीत दर्ज करते हुए अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने अपनी टीम के जज्बे और लड़ने की क्षमता को सराहा है।
मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड के विरुद्ध जीत के साथ लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई है। अर्जेंटीना अब गुरुवार को अटलांटा स्टेडियम में खेले जाने वाले सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना करेगी।
फीफा वर्ल्ड कप में सर्वाधिक गोल करने वाले मेसी इस क्वार्टर फाइनल मैच में कोई गोल तो नहीं कर सके, लेकिन वे आखिरी सीटी बजने तक मैदान पर डटे रहे और टीम का हौसला बढ़ाते रहे। मुकाबले के 10वें मिनट में एलेक्सिस मैक एलिस्टर ने गोल दागकर अर्जेंटीना को बढ़त दिलाई। मगर डैन न्डोये ने 67वें मिनट में गोल के साथ स्विट्जरलैंड को 1-1 से बराबरी पर ला दिया था। इसके बाद ‘एक्स्ट्रा टाइम’ में जूलियन अल्वारेज (112′) और लौटारो मार्टिनेज (120+1′) के गोल की मदद से अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड टीम को 3-1 से हराया।
‘गोलडॉटकॉम’ के अनुसार, मुकाबले के बाद मेसी ने कहा, “मैं इस जीत से बहुत खुश हूं। यह बहुत मुश्किल से मिली जीत है। हमें पता था कि यह बहुत कड़ा मुकाबला होगा। आगे आने वाले मुकाबलों से पहले एक हफ्ता आराम से बिताने के लिए हमारे लिए यह कदम उठाना जरूरी था।”
अर्जेंटीना ने लगातार 15वें वर्ल्ड कप मैच में गोल किया। इस मामले में अर्जेंटीना से आगे उरुग्वे (1930-1962 के बीच 16 मैच), हंगरी (1934-1962 के बीच 17 मैच), जर्मनी (1986-1998 के बीच 18 मैच), जर्मनी (1934-1958 के बीच 18 मैच) और ब्राजील (1930-1958 के बीच 18 मैच) की टीमें हैं।
सोशल मीडिया पर जीत का जश्न मनाते हुए, मेसी ने इस मुश्किल जीत की कई तस्वीरें शेयर कीं और टीम की मानसिक मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “एक बार फिर हमें संघर्ष करना पड़ा, लेकिन यह टीम कभी उम्मीद नहीं छोड़ती। हम एक बार फिर दुनिया की चार सर्वश्रेष्ठ टीमों में शामिल हैं। चलो आगे बढ़ें।”

