Sunday, May 31, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल फाइनल मेरे लिए सामान्य मैच की तरह, मैं वर्तमान में रहने की...

फाइनल मेरे लिए सामान्य मैच की तरह, मैं वर्तमान में रहने की कोशिश करता हूं: रजत पाटीदार

0
6

अहमदाबाद, 31 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत रविवार को गुजरात टाइटंस (जीटी) से होनी है। खिताबी मुकाबले से पहले आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार का कहना है कि वह फाइनल को सामान्य मैच की तरह ही लेंगे।

रजत पाटीदार की अगुवाई में आरसीबी लगातार दूसरी बार आईपीएल के फाइनल में पहुंची है। खिताबी मुकाबले की मेजबानी अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम करेगा। पिछले सीजन इस ग्राउंड पर आरसीबी ने 18 साल का सूखा खत्म करते हुए पहली बार आईपीएल की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था।

आरसीबी द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर शेयर किए गए वीडियो में रजत ने कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है, लगातार दो फाइनल, और वह भी एक ही मैदान पर। पिछले साल की बहुत सारी यादें हैं। यह एक फाइनल है, यह एक बड़ा स्टेज है, लेकिन मेरे लिए यह एक सामान्य मैच है।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं हमेशा एक बड़े मैच को भी एक नॉर्मल गेम की तरह लेना पसंद करता हूं। मैं हमेशा वर्तमान में रहने की कोशिश करता हूं। मैं बहुत आगे के बारे में नहीं सोचना चाहता कि यह फाइनल होने वाला है, क्या होने वाला है। नतीजे के बारे में कुछ नहीं। वर्तमान में ज्यादा रहो।”

आरसीबी आईपीएल 2026 की सबसे शानदार टीमों में से एक रही है। टीम ने लीग स्टेज का अंत 14 मुकाबलों में से 9 मैच जीतकर किया। आरसीबी ने अपने अभियान की शुरुआत चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स पर शानदार जीत के साथ की, जबकि टीम ने टूर्नामेंट के दौरान मुश्किल दौर का भी मजबूती से सामना किया।

रजत ने टीम की मिलकर की गई कोशिश को श्रेय दिया, जिसकी वजह से आरसीबी लगातार दूसरे फाइनल में पहुंची। उन्होंने कहा, “हमने इस टूर्नामेंट में अब तक जिस तरह से खेला है, उस पर हमें गर्व होना चाहिए। सभी ने अपना दबदबा बनाया है। सभी ने टीम के लिए योगदान दिया है, इसलिए यह एक अच्छा सकारात्मक संकेत है।”