जिनेवा, 4 अगस्त (आईएएनएस)। रूस की पुरुष और महिला राष्ट्रीय टीमें वॉलीबॉल नेशंस लीग (वीएनएल) 2027 में हिस्सा लेंगी। यह घोषणा मंगलवार को इंटरनेशनल वॉलीबॉल फेडरेशन (एफआईवीबी) ने की है।
वॉलीबॉल की वैश्विक संस्था ने एक बयान में कहा, “8 जुलाई 2026 को जारी अपने बयान के बाद, एफआईवीबी ने रूसी एथलीट्स और तकनीकी अधिकारियों की विश्व प्रतियोगिताओं में वापसी को लेकर एक स्पष्ट रोडमैप तैयार करने के लिए संबंधित हितधारकों के साथ बातचीत जारी रखी है।”
वॉलीबॉल नेशंस लीग 2027 में टीमों की संख्या 18 से बढ़कर 19 हो जाएगी, क्योंकि रूस की कोई भी टीम सामान्य प्रक्रिया के माध्यम से क्वालीफाई नहीं कर पाई थी। वहीं, स्लोवेनिया की महिला टीम और फिनलैंड की पुरुष टीम ने प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाए रखी है।
एफआईवीबी ने पुष्टि की है कि रूस ने स्वेच्छा से मेंस वर्ल्ड कप 2027 में प्रतिस्पर्धा न करने का निर्णय लिया था, जबकि विमें वर्ल्ड कप 2027 में इसकी भागीदारी की पुष्टि अभी बाकी है।
इस बीच, रविवार को संपन्न हुए एफआईवीबी पुरुष वॉलीबॉल नेशंस लीग 2026 के फाइनल में वर्ल्ड नंबर 1 पोलैंड ने शानदार वापसी करते हुए संयुक्त राज्य अमेरिका को 3-2 से शिकस्त देकर अपना खिताब बरकरार रखा, जबकि स्लोवेनिया ने जापान को 3-1 से मात देकर अपना पहला वीएनएल मेडल जीता।
एक रोमांचक फाइनल में, पोलैंड ने पहला सेट 25-21 से अपने नाम किया, जिसके बाद अगले दो सेट 25-23 और 27-25 से जीतकर संयुक्त राज्य अमेरिका खिताब के करीब पहुंचा। चौथा सेट 20-20 पर बराबरी पर था, तभी पोलैंड के आउटसाइड हिटर टोमाज फोरनल ने शानदार सर्व के साथ अपनी टीम में जोश भर दिया। पोलैंड ने सेट 25-23 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक सेट तक पहुंचा दिया।
पांचवें सेट में स्कोर 5-5 से बराबर होने के बाद मौजूदा चैंपियन ने नियंत्रण हासिल किया और अमेरिका की कई अटैकिंग गलतियों का फायदा उठाकर 13-7 की बढ़त हासिल कर ली। पोलैंड के अनुशासित डिफेंस और असरदार ब्लॉकिंग ने अमेरिका को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और यूरोपीय टीम ने 15-10 से सेट जीतकर मैच में शानदार वापसी की और अपना तीसरा वॉलीबॉल नेशंस लीग खिताब हासिल किया।
इससे पहले, रविवार को स्लोवेनिया ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में जापान को 3-1 (25-21, 26-28, 25-22, 25-22) से शिकस्त देकर पोडियम पर जगह बनाई थी।

