मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। अभिनेता हर्षवर्धन राणे फिल्म ‘फोर्स 3’ की अनाउंसमेंट के बाद से ही लगातार चर्चा में बने हुए हैं। उन्होंने शनिवार को बताया कि मसल्स को बेहतर तरीके से बनाने और उन्हें मजबूत रखने के लिए आखिर सबसे ज्यादा जरूरी क्या है।
अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। इन तस्वीरों में वे रेड लाइट थेरेपी लेते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने तस्वीरें पोस्ट कर लिखा, “मसल्स बनाने के लिए 3 चीजें सबसे जरूरी हैं, पहली कसरत, दूसरा अच्छा खाना और तीसरी सबसे अहम चीज है रिकवरी (जिसके लिए मैं रेड लाइट थेरेपी ले रहा हूं) और आम को हाथ लगाना भी मना है।”
रेड लाइट थेरेपी (आरएलटी) एक ऐसी तकनीक थेरेपी है, जिसमें कम तरंगदैर्ध्य (लो-वेवलेंथ) वाली लाल रोशनी का इस्तेमाल किया जाता है। यह लाइट त्वचा के भीतर जाकर मांसपेशियों के दर्द को कम करने, सूजन को मिटाने और भारी वर्कआउट के बाद शरीर को जल्दी ठीक करने में मदद करती है।
हालांकि, यह कोलेजन और इलास्टिन का उत्पादन बढ़ाता है, जिससे महीन रेखाएं और झुर्रियां कम होती हैं और त्वचा जवां व चमकदार बनती है। ‘फोर्स 3’ की शूटिंग इस साल मार्च में शुरू हो चुकी है। फिल्म का पहला शेड्यूल गुजरात में पूरा किया गया। शूटिंग शुरू करने से मेकर्स ने फैंस को झलक दिखाई थी। ‘सनम तेरी कसम’ फेम हर्षवर्धन राणे ‘फोर्स 3’ में जॉन अब्राहम के साथ लीड रोल में हैं। फिल्म का निर्देशन भव धूलिया कर रहे हैं और कहानी सीमा भाश्मी ने लिखी है।
‘फोर्स’ साल 2011 में रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। इसके बाद साल 2016 में इसका सीक्वल रिलीज किया गया था, और अब लंबे अंतराल के बाद फोर्स 3 वापसी कर रही है।
इसी के साथ ही, अभिनेता हर्षवर्धन जल्द ही ओमंग कुमार द्वारा निर्देशित फिल्म ‘सिला’ में अभिनेत्री सादिया खातिब के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि ‘बिग बॉस 18’ के विजेता करण वीर मेहरा खलनायक भूमिका में दिखेंगे। इस फिल्म में हर्षवर्धन राणे और करण वीर मेहरा स्क्रीन पर एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे।

