Monday, May 25, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गंगा दशहरा के अवसर पर प्रयागराज और हरिद्वार में श्रद्धालुओं का सैलाब

गंगा दशहरा के अवसर पर प्रयागराज और हरिद्वार में श्रद्धालुओं का सैलाब

0
6

प्रयागराज, 25 मई (आईएएनएस)। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर त्रिवेणी संगम में लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। संगम तट पर सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही है। श्रद्धालुओं ने गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों के संगम पर प्रार्थना, दान और भेंट अर्पित कर समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

संगम तट पर स्नान करने आईं एक महिला श्रद्धालु ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आज गंगा दशहरा का पावन पर्व है। इसकी काफी मान्यता है। प्रयागराज में रहकर संगम स्नान से वंचित रह जाना बड़ी विडंबना होगी। उन्होंने कहा कि वह अपने परिवार की सुख-समृद्धि और शांति के लिए यहां स्नान, ध्यान और पूजा करने आई हैं।

वहीं, देवभूमि उत्तराखंड के हरिद्वार में भी गंगा दशहरा के अवसर पर स्नान करने के लिए हजारों श्रद्धालु सुबह से ही एकत्रित हुए। श्रद्धालुओं ने हर की पौड़ी और आसपास के घाटों पर पवित्र स्नान किया। इसके साथ ही मां गंगा की पूजा-अर्चना कर दान-पुण्य किया और खुशहाली की कामना की।

हरिद्वार में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर एसपी सिटी अभय सिंह ने आईएएनएस से कहा कि गंगा दशहरा के अवसर पर सभी गंगा भक्तों को शुभकामनाएं। यह पर्व हरिद्वार में दिव्य और भव्य उत्सव के रूप में मनाया जाता है। उसी के अनुरूप तैयारियां की जाती हैं। डीएम और एसएसपी की ओर से योजना बनाकर उसका क्रियान्वयन किया गया है।

एसपी सिटी ने बताया कि मेला क्षेत्र को 11 जोन और 27 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इसके साथ ही पुलिस टीमें, डॉग स्क्वाड, नदी पुलिस, घुड़सवार पुलिस और अग्निशमन दल को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु यहां से अच्छा अनुभव लेकर जाएं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान कर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो रहे हैं।