प्रयागराज, 30 अगस्त (आईएएनएस)। प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ने से संगम क्षेत्र में पानी का फैलाव बढ़ता जा रहा है। बढ़ते जलस्तर के बीच संगम स्थित प्रसिद्ध बड़े हनुमान मंदिर के गर्भगृह में भी गंगा का पानी प्रवेश कर गया। इसके बाद लेटे हुए हनुमान जी का मां गंगा ने प्राकृतिक जलाभिषेक किया।
संगम स्थित प्रसिद्ध बड़े हनुमान मंदिर में पानी पहुंचने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सीढ़ियों से होकर गंगा का पानी गर्भगृह की ओर जाता दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि नेपाल में भारी बारिश और हिमालयी क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के चलते गंगा के जलस्तर में बीते कुछ दिनों से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसका असर उत्तर प्रदेश और बिहार के गंगा किनारे बसे शहरों में भी दिखाई दे रहा है। वाराणसी, प्रयागराज के अलावा बिहार के बक्सर, पटना और मुंगेर में भी गंगा का पानी नदी के सामान्य बहाव क्षेत्र से आगे बढ़ गया है।
प्रयागराज में गंगा-यमुना के बढ़ते जलस्तर के कारण संगम क्षेत्र में स्थित बड़े हनुमान मंदिर तक पानी पहुंच गया। मंदिर के गर्भगृह में गंगा का पानी प्रवेश करने के बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए हैं। अब जब तक गर्भगृह में गंगा का पानी मौजूद रहेगा, श्रद्धालु लेटे हुए हनुमान जी के प्रत्यक्ष दर्शन नहीं कर सकेंगे।
हालांकि, मंदिर परिसर के बाहर स्थित छोटे हनुमान जी के मंदिर में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मंदिर में गंगा का पानी प्रवेश करने के बावजूद पंडितों ने पूजा-पाठ किया। श्रद्धालुओं के बीच भी इस प्राकृतिक दृश्य को लेकर उत्साह और आस्था का माहौल दिखाई दे रहा है।
दर्शन के लिए पहुंचे लोगों का कहना है कि वे बड़े हनुमान जी के दर्शन करने आए थे, लेकिन मां गंगा ने स्वयं बजरंगबली का जलाभिषेक कर दिया। श्रद्धालुओं ने इसे बेहद अद्भुत और धार्मिक आस्था से जुड़ा दृश्य बताया। उनका कहना है कि हर साल जब गंगा का जलस्तर बढ़ता है तो मां गंगा लेटे हुए हनुमान जी को स्नान कराती हैं। गंगा के पानी से गर्भगृह में हुए इस प्राकृतिक अभिषेक को देखने के लिए संगम क्षेत्र में लोगों की भीड़ भी जुट रही है।
प्रशासन की ओर से लगातार बढ़ते जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। गंगा और यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी के चलते निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।
