Wednesday, July 22, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गर्मी को हराना है तो शरीर को रखें हाइड्रेटेड, वरना बढ़ सकती...

गर्मी को हराना है तो शरीर को रखें हाइड्रेटेड, वरना बढ़ सकती हैं मुश्किलें

0
39

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। गर्मी का मौसम आते ही तेज धूप, पसीना और शरीर में पानी की कमी लोगों की सबसे बड़ी परेशानी बन जाती है। मई-जून की चिलचिलाती गर्मी में अगर शरीर को सही तरीके से हाइड्रेटेड न रखा जाए, तो डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, कमजोरी, थकान और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए इस मौसम में सबसे जरूरी है कि शरीर में पानी की कमी न होने दी जाए।

अक्सर लोग तब पानी पीते हैं जब उन्हें तेज प्यास लगती है लेकिन गर्मियों में थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहना बेहद जरूरी है। चाहे आप घर पर हों, ऑफिस में हों या बाहर सफर कर रहे हों, हमेशा अपने साथ पानी की बोतल जरूर रखें।

आयुष मंत्रालय ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर बताया कि सिर्फ सादा पानी ही नहीं, बल्कि कुछ देसी और हेल्दी ड्रिंक्स भी शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं, जैसे नारियल पानी, छाछ और नींबू पानी। नारियल पानी शरीर में जरूरी मिनरल्स की कमी पूरी करता है, जबकि छाछ पेट को ठंडक देती है और पाचन भी बेहतर रखती है। वहीं नींबू पानी शरीर को तरोताजा रखने के साथ-साथ ऊर्जा भी देता है। गर्मियों में ये चीजें किसी प्राकृतिक एनर्जी ड्रिंक से कम नहीं होतीं।

इसके अलावा, खाने-पीने में भी थोड़ी सावधानी जरूरी है। गर्मी में ऐसे फल और सब्जियां ज्यादा खानी चाहिए जिनमें पानी की मात्रा अधिक हो। तरबूज, खीरा, खरबूजा और संतरा जैसे फल शरीर को हाइड्रेटेड रखने में काफी मदद करते हैं। खासकर तरबूज और खीरा गर्मी में शरीर को ठंडक पहुंचाने का काम करते हैं।

गर्मियों में कैफीन और ज्यादा शुगर वाले पेय शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं। कई लोग ठंडक पाने के लिए सॉफ्ट ड्रिंक्स पीते हैं लेकिन ये कुछ समय की राहत जरूर देते हैं पर शरीर को सही तरीके से हाइड्रेट नहीं कर पाते। इसलिए इन चीजों के सेवन से बचना चाहिए।

बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी में खास ध्यान देने की जरूरत होती है क्योंकि उनके शरीर में पानी की कमी जल्दी हो सकती है। अगर किसी को बार-बार चक्कर आना, सिरदर्द, ज्यादा कमजोरी या उल्टी जैसी समस्या हो रही हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह डिहाइड्रेशन का संकेत हो सकता है।