SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गौतमबुद्धनगर में 23 अक्टूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश घोषित, शिक्षक-स्नातक मतदाता कर...

गौतमबुद्धनगर में 23 अक्टूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश घोषित, शिक्षक-स्नातक मतदाता कर सकेंगे मतदान

0
4

नोएडा, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर जिले में 23 अक्टूबर को होने वाले मेरठ खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन ने विशेष आकस्मिक अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश उन कर्मचारियों और मतदाताओं को दिया जाएगा, जो संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के पंजीकृत मतदाता हैं और मतदान में हिस्सा लेने के पात्र हैं।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मेरठ खंड स्नातक और मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के बोनाफाइड मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए 23 अक्टूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश की सुविधा मिलेगी।

प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग द्वारा 13 अक्टूबर को जारी निर्देशों के क्रम में यह निर्णय लिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग और भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के दिशा-निर्देशों के आधार पर राज्यपाल की स्वीकृति के बाद यह अवकाश स्वीकृत किया गया है।

आदेश के तहत ऐसे कर्मचारी, जो विश्वविद्यालय स्नातक हैं और स्नातक या शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के पंजीकृत मतदाता हैं, वे मतदान के लिए अवकाश का लाभ उठा सकेंगे। प्रशासन ने पात्र मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश में 23 अक्टूबर को शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 11 विधान परिषद सीटों के लिए मतदान होना है। इसे लेकर राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

हाल ही में मुरादाबाद में भाजपा नेता और प्रदेश सरकार के मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने दावा किया था कि भारतीय जनता पार्टी शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सभी 11 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा था कि भाजपा शिक्षा और युवाओं के मुद्दों को लेकर मतदाताओं के बीच जा रही है तथा पार्टी को व्यापक समर्थन मिलने की उम्मीद है।

इस बीच निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। इसी कड़ी में पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश उपलब्ध कराया गया है, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।