Friday, May 22, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth गौतमबुद्धनगर में 24 मई को 34 केंद्रों पर होगी सिविल सर्विसेज की...

गौतमबुद्धनगर में 24 मई को 34 केंद्रों पर होगी सिविल सर्विसेज की प्री परीक्षा, प्रशासन की तैयारियां तेज

0
3

गौतमबुद्ध नगर, 22 मई (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर जनपद में आगामी 24 मई 2026 को आयोजित होने वाली संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सर्विसेज प्री परीक्षा-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे ने की, जिसमें सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर, केंद्र व्यवस्थापक तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया। जनपद में यह परीक्षा कुल 34 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रशासन की ओर से सभी अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त जिम्मेदारी है।

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा से पहले अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर लें और यह सुनिश्चित करें कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी हों। उन्होंने विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, बिजली व्यवस्था, पेयजल, बैठने की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने को कहा।

एडीएम प्रशासन ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सघन जांच की जाए। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान संघ लोक सेवा आयोग द्वारा नामित अधिकारियों मनोज और भानु प्रताप ने भी उपस्थित अधिकारियों को परीक्षा संचालन संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने आयोग के मानकों के अनुरूप परीक्षा संपन्न कराने पर जोर दिया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप सिंह परमेश, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और परीक्षा निष्पक्ष एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

–आईएएनएस

पीकेटी/वीसी