Wednesday, June 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गाजियाबाद के वसुंधरा की झुग्गियों में भीषण आग, दमकल की तत्परता से...

गाजियाबाद के वसुंधरा की झुग्गियों में भीषण आग, दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टला

0
20

गाजियाबाद, 4 मई (आईएएनएस)। गाजियाबाद कमिश्नरेट क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई, जिसने कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह 5:31 बजे फायर स्टेशन वैशाली को सूचना मिली कि वसुंधरा सेक्टर-9 क्षेत्र में स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में भीषण आग लग गई।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग तत्काल हरकत में आया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद और प्रभारी अग्निशमन अधिकारी वैशाली के नेतृत्व में तीन फायर टैंकरों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि करीब पांच झुग्गियां आग की चपेट में हैं और वहां से तेज लपटों के साथ घना काला धुआं उठ रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन टीम ने बिना समय गंवाए चारों ओर से मोर्चा संभाला और हौज पाइप लाइन बिछाकर पंपिंग के जरिए आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों की सूझबूझ और तेज कार्रवाई के चलते आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। इस दौरान सबसे राहत की बात यह रही कि फायर यूनिट की तत्परता के कारण आसपास स्थित अन्य मकानों को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

बताया गया है कि जिन झुग्गियों में आग लगी, वे शिलाजुद्दीन (निवासी मेरठ), मनीराम (निवासी मध्य प्रदेश), नरेश (निवासी हरदोई), राजेश (निवासी हरदोई) और महराज (निवासी मेरठ) की थीं। घटना के समय सभी लोग मौके पर मौजूद थे, हालांकि सौभाग्यवश इस आगजनी में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करने में सहयोग किया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, जिसकी जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आग से संबंधित सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।