Tuesday, May 26, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गाजियाबाद में 24 मार्च को लगेगी विशेष ‘पासपोर्ट लोक अदालत’, लंबित फाइलों...

गाजियाबाद में 24 मार्च को लगेगी विशेष ‘पासपोर्ट लोक अदालत’, लंबित फाइलों का होगा त्वरित निस्तारण

0
16

गाजियाबाद, 23 मार्च (आईएएनएस)। पासपोर्ट से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित समाधान के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद द्वारा एक विशेष ‘पासपोर्ट लोक अदालत’ का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आवेदकों की लंबित फाइलों का शीघ्र निस्तारण कर उन्हें राहत प्रदान करना है।

यह विशेष पासपोर्ट लोक अदालत 24 मार्च, मंगलवार, को आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का समय दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह आयोजन क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, हापुड़ चुंगी, कमला नेहरू नगर, गाजियाबाद स्थित कार्यालय के कक्ष संख्या 320 में होगा। इस दौरान क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी स्वयं उपस्थित रहकर आवेदकों से मुलाकात करेंगे, उनकी समस्याओं को सुनेंगे और मौके पर ही उनके समाधान का प्रयास करेंगे।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप (भारतीय विदेश सेवा) ने जानकारी देते हुए बताया कि यह लोक अदालत विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य पासपोर्ट सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुलभ बनाना है।

उन्होंने बताया कि सीमित समय के चलते इस लोक अदालत में कुल 50 आवेदकों की फाइलों का ही निस्तारण किया जाएगा। अधिकारियों ने आवेदकों से अपील की है कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां एवं छायाप्रतियां साथ लेकर निर्धारित समय पर उपस्थित हों, ताकि उनकी समस्याओं का शीघ्र और सुचारू रूप से समाधान किया जा सके।

यह पहल विशेष रूप से उन आवेदकों के लिए लाभकारी साबित होगी, जिनकी फाइलें लंबे समय से लंबित हैं या किसी कारणवश अटकी हुई हैं।

बता दें कि इस प्रकार की लोक अदालतें आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान का अवसर प्रदान करती हैं। गाजियाबाद में आयोजित यह पासपोर्ट लोक अदालत भी लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जहां वे अपनी समस्याओं का सीधा समाधान प्राप्त कर सकते हैं।