Saturday, June 6, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय ‘गिरफ्तारी संभव थी तो एनकाउंटर क्यों हुआ?’ गाजीपुर की घटना पर डिंपल...

‘गिरफ्तारी संभव थी तो एनकाउंटर क्यों हुआ?’ गाजीपुर की घटना पर डिंपल यादव ने उठाया सवाल

0
4

मैनपुरी, 5 जून (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने गाजीपुर एनकाउंटर को लेकर शुक्रवार को सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर सकती थी तो फिर एनकाउंटर की जरूरत क्यों पड़ी? उनके मुताबिक, यह पूरा मामला कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

डिंपल यादव ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार युवाओं के मुद्दों के साथ खड़ी है और हर मंच पर उनकी आवाज उठाती रही है। उन्होंने दावा किया कि आज देश और प्रदेश में युवाओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, खासकर शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में।

उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नीट और सीबीएसई जैसी परीक्षाओं को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि छात्रों पर बढ़ते दबाव, परीक्षा प्रणाली की खामियां और नतीजों की अनिश्चितता के कारण कई बार मानसिक तनाव की स्थिति बनती है, जो बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों और उनके अभिभावकों की समस्याओं को सरकार गंभीरता से नहीं ले रही है।

डिंपल यादव ने रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा और कहा कि युवाओं के लिए पर्याप्त अवसर नहीं हैं। उनके अनुसार न तो स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हैं और न ही शिक्षा व्यवस्थाएं मजबूत हैं।

ग्रामीण इलाकों में स्कूलों की स्थिति और दूरी को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि कई जगहों पर बच्चों को पढ़ाई के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जो व्यावहारिक रूप से कठिन है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की मूल समस्याओं से ध्यान भटकाने में लगी है और वास्तविक मुद्दों पर काम नहीं कर रही है। उनका कहना है कि बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा दोनों पर ध्यान देने की जरूरत है, लेकिन मौजूदा व्यवस्था में कई कमियां हैं।

उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों को उनका अधिकार मिलना चाहिए। उनके अनुसार कई जगहों पर संसाधनों और अवसरों का असमान वितरण देखने को मिलता है, जिसे सुधारने की जरूरत है।

डिंपल यादव ने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ा हथियार वोट है और जनता को अपने अधिकारों के लिए सही निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर भ्रष्टाचार, अन्याय और गलत नीतियों से मुक्ति चाहिए तो जनता को मतदान के माध्यम से अपनी आवाज मजबूत करनी होगी।