नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि शायद राहुल गांधी को देश का इतिहास नहीं पता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश और दुनिया में एक सफल राजनेता हैं। मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या 1962 में चीन युद्ध में नेहरू असफल थे? देश में जब सोने की कमी थी तब हमारी बहनों, बेटियों और माताओं ने मंगलसूत्र दे दिया था। इतना सोना हो गया कि सोने की कमी ही महसूस नहीं हुई थी।
गिरिराज सिंह ने कहा कि पीएल 480 के तहत अमेरिका से गेंहू लिया जाता था। लाल बहादुर शास्त्री ने सड़े हुए गेहूं को रिजेक्ट कर दिया। लाल बहादुर शास्त्री ने रेडियो से अपील की कि हिंदू भाई मेरे पास हफ्ते में एक दिन का अनाज नहीं है, इसलिए आप एकादशी मनाएं और मुस्लिम भाई रोजा रखें। हम आज गेहूं का निर्यात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्या लाल बहादुर शास्त्री असफल प्रधानमंत्री थे?
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि करोड़ों लोगों ने तब सब्सिडी छोड़ दी थी, जब पीएम नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को स्वच्छ ईंधन देने के लिए उन लोगों से अपील की थी कि मुझे गरीबों को गैस देनी है, आप सब्सिडी छोड़ दीजिए। यह उदाहरण बताता है कि जब-जब देश के लिए पुकार की गई है, लोगों ने जान भी दी है और दान भी दिया है। प्रधानमंत्री ने कुछ गलत नहीं कहा है। इससे लोगों को सीख लेनी चाहिए। मैं तो पांच साल से इंडक्शन चूल्हा इस्तेमाल कर रहा हूं और मेरे पास ईवी गाड़ी है।
उन्होंने कहा कि देश के हर नागरिक का कर्तव्य है कि नई गाड़ी ईवी ही खरीदें। जो ईवी गाड़ी नहीं ले सकते हैं, उनको हफ्ते में एक दिन गाड़ी का प्रयोग नहीं करना चाहिए। राहुल गांधी देश और देश की ताकत को नहीं समझ पाएंगे। मैं डंके की चोट पर कहता हूं कि पीएम नरेंद्र मोदी की अपील देश की अपील है। देश के ताकत की अपील है।
उन्होंने कहा कि खाड़ी संकट को दो महीने से ऊपर हो गया। तेल की कीमत में एक भी रुपए की बढ़ोतरी नहीं की गई। अमेरिका, इंग्लैंड, जापान, जर्मनी, चीन और यूरोप में तेल की कीमतें बढ़ गईं, लेकिन प्रधानमंत्री ने ऐसा मैनेजमेंट किया कि तेल की कीमत में बढ़ोतरी नहीं करनी पड़ी।

