Tuesday, May 26, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन गोवा बीच पर ऑलिव रिडले कछुओं को देख जीनत की आंखों में...

गोवा बीच पर ऑलिव रिडले कछुओं को देख जीनत की आंखों में आए आंसू

0
22

मुंबई, 23 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेत्री जीनत अमान खास पलों को अक्सर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर फैंस के साथ कनेक्ट रहती हैं। लेटेस्ट पोस्ट में अभिनेत्री गोवा के ऑलिव रिडले कछुओं के बारे में बात करती नजर आईं।

जीनत गोवा में ऑलिव रिडले कछुओं के अंडों से बाहर आने के खूबसूरत दृश्य को देखकर भावुक हो उठीं। इंस्टाग्राम पर अपनी भावनाओं को बयां करते हुए उन्होंने लिखा कि यह अनुभव उनके जीवन का ऐसा पल था, जिसकी उन्हें उम्मीद भी नहीं थी। सूरज डूबने के बाद समुद्र तट पर हल्की हवा और ठंडी रेत के बीच उन्होंने कछुओं के नवजात बच्चों को दुनिया में कदम रखते देखा, जिससे उनकी आंखों में आंसू आ गए।

जीनत अमान ने बताया कि कुछ हफ्ते पहले सैकड़ों मादा कछुए समुद्र से निकलकर घोंसले बनाकर अंडे दे गई थीं। अब चांदनी रात में वे अंडे फूटे और गोवा वन विभाग के सदस्यों ने इन नन्हे कछुओं की मदद की। उन्होंने रेत हटाकर बच्चों को बाहर निकाला और समुद्र की ओर जाने में सहायता की।

जीनत ने लिखा कि इनमें से सिर्फ 1,000 में से एक ही बड़ा हो पाता है और फिर प्रदूषण, मछली पकड़ने वाली नावों और इकोसिस्टम के बिगड़ने जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

अभिनेत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से अपील की कि वह गोवा में पर्यावरण के खतरे को रोकने के लिए कदम उठाएं, वरना यह ‘स्वर्ग’ हमेशा के लिए खो जाएगा।

उन्होंने इस अनुभव को धरती की सहनशक्ति और सदियों पुरानी समझ से जोड़ा। जीनत ने कहा कि जब इंसानों की तकलीफें इतनी ज्यादा हैं, तब कछुओं के जन्म पर भावुक होना अजीब लग सकता है, लेकिन कुदरत से जुड़ाव और उससे पैदा होने वाली दया ही इंसानियत को बचाए रख सकती है।

उन्होंने गोवा के पर्यावरण पर गहरी चिंता जताई और लिखा कि आज गोवा का पानी नदियां और समुद्र इतना दूषित हो चुका है कि तैरना और मछली पकड़ना भी सुरक्षित नहीं रहा।