ग्रेटर नोएडा, 16 जून (आईएएनएस)। शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी क्रम में प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग ने सेक्टर जीटा-1 क्षेत्र में कूड़े के अवैध डंपिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉली को रंगे हाथों पकड़ा है। इन वाहनों के माध्यम से बिल्डर सोसाइटियों से निकलने वाले कचरे को सेक्टर जीटा-1 के खाली प्लॉट में अवैध रूप से फेंका जा रहा था।
प्राधिकरण को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कूड़ा एकत्र कर खाली पड़े भूखंडों में डंप कर रहे हैं, जिससे न केवल स्वच्छता प्रभावित हो रही है बल्कि पर्यावरण और आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। शिकायतों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निगरानी बढ़ाई और कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा उनके चालकों को मौके पर पकड़ लिया।
जांच में सामने आया कि इन वाहनों से बिल्डर सोसाइटियों का कचरा निर्धारित स्थानों पर न ले जाकर सेक्टर जीटा-1 के खाली प्लॉट में डाला जा रहा था। इसे गंभीर उल्लंघन मानते हुए स्वास्थ्य विभाग ने चारों ट्रैक्टर-ट्रॉली पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इस प्रकार कुल एक लाख रुपये का आर्थिक दंड आरोपित किया गया।
प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा इस तरह की अवैध गतिविधि करते हुए कोई वाहन पकड़ा गया तो उससे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोबारा उल्लंघन की स्थिति में ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त करने के साथ अन्य कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने नागरिकों, बिल्डरों और संबंधित एजेंसियों से अपील करते हुए कहा कि कूड़े का उचित निस्तारण सुनिश्चित करें और शहर को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि खुले स्थानों पर कचरा फेंकना न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है। प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और अवैध डंपिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
–आईएएनएस
पीकेटी/पीएम

