Monday, July 6, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय ग्रेटर नोएडा: दनकौर में एसी ब्लास्ट से मकान में लगी भीषण आग,...

ग्रेटर नोएडा: दनकौर में एसी ब्लास्ट से मकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

0
4

ग्रेटर नोएडा, 6 जुलाई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के ननुआ का राजपुर गांव में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान में लगे एयर कंडीशनर (एसी) में अचानक ब्लास्ट हो गया। तेज धमाके के साथ लगी आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मकान के दो कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस हादसे में लाखों रुपये मूल्य का घरेलू सामान नष्ट हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि परिवार के सभी सदस्य समय रहते घर से बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह अचानक एसी से तेज आवाज आई, जिसके बाद उसमें से चिंगारियां निकलने लगीं। कुछ ही क्षणों में आग ने कमरे में रखे फर्नीचर, कपड़ों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने लगी तो परिवार के लोगों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका।

घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में मकान के दो कमरों में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल गया। घरेलू उपयोग के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर, कपड़े और अन्य जरूरी सामान आग की भेंट चढ़ गए।

घटना के बाद गांव में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। स्थानीय लोगों ने बताया कि गर्मी और लगातार एसी के उपयोग के कारण कई बार ओवरलोडिंग या तकनीकी खराबी की वजह से इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं। फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में हुआ ब्लास्ट माना जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि विद्युत उपकरणों का उपयोग सावधानीपूर्वक करें और किसी भी तरह की तकनीकी खराबी दिखाई देने पर उन्हें तुरंत बंद कर विशेषज्ञ से जांच कराएं, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

–आईएएनएस

पीकेटी/एएस