ग्रेटर नोएडा, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर कस्बे में बुधवार देर रात रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुराने बाजार में बाइक सवार बदमाशों ने इमरान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जहांगीरपुर कस्बे में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, वारदात बुधवार रात करीब 11 बजे जहांगीरपुर के पुराने बाजार क्षेत्र में हुई।
बताया जा रहा है कि इमरान अपने घर के आसपास मौजूद था, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उस पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके पर दो बिना नंबर प्लेट की बाइक छोड़कर फरार हो गए। गोली लगने से इमरान गंभीर रूप से घायल हो गया था। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उपचार के दौरान इमरान को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान इमरान पुत्र शफी के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमरान वर्ष 2021 में हत्या के एक मामले में जेल भी जा चुका था। इसी वजह से पुलिस घटना के पीछे पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। हालांकि, हत्या का वास्तविक कारण पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल से बरामद दोनों बिना नंबर प्लेट की बाइकों के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर भी पुलिस उनकी जानकारी जुटा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
इधर, घटना के बाद कस्बे में तनाव और दहशत की स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और वारदात में शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
