SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय ग्रेटर नोएडा में आज स्विस राष्ट्रपति का दौरा, नोएडा एयरपोर्ट पर दो...

ग्रेटर नोएडा में आज स्विस राष्ट्रपति का दौरा, नोएडा एयरपोर्ट पर दो घंटे रहेंगे गाइ पार्मोलिन

0
1

ग्रेटर नोएडा, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। स्विट्ज़रलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मोलिन आज ग्रेटर नोएडा के जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दौरा करेंगे। स्विस राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया है। वह दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं। उनके दौरे को देखते हुए एक्सप्रेसवे और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी नियंत्रित किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, स्विस राष्ट्रपति करीब सुबह 11:30 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और लगभग दो घंटे जेवर में रहेंगे। इस दौरान वह एयरपोर्ट की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। खास तौर पर उन्हें एयरपोर्ट के कार्गो टर्मिनल की व्यवस्थाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से राष्ट्रपति के दौरे को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी की गई हैं। स्विस राष्ट्रपति के दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए ग्रेटर नोएडा आने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

सुरक्षा कारणों से एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों के आवागमन पर नो एंट्री लागू की गई है। इसके साथ ही दिल्ली से जेवर तक आने वाले संभावित मार्ग पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मी प्रमुख कट, चौराहों और एक्सप्रेसवे के आसपास यातायात व्यवस्था संभालेंगे।

वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम वाहन चालकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भी ट्रैफिक पुलिस की ओर से विशेष तैयारी की गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार पूरे रूट की निगरानी कर रही हैं। स्विस राष्ट्रपति का नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट दौरा भारत और स्विट्ज़रलैंड के बीच बढ़ते आर्थिक, कारोबारी और तकनीकी संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूरे एनसीआर के लिए एक बड़े अंतरराष्ट्रीय एविएशन हब के तौर पर विकसित किया जा रहा है। ऐसे में विदेशी राष्ट्राध्यक्ष का एयरपोर्ट का दौरा इसके अंतरराष्ट्रीय महत्व को भी रेखांकित करता है। दौरे के दौरान स्विस राष्ट्रपति को एयरपोर्ट की यात्री सुविधाओं के साथ-साथ कार्गो संचालन और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। एयरपोर्ट को भविष्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार के लिए तैयार किया जा रहा है।

ऐसे में स्विट्ज़रलैंड के साथ संभावित विमानन कनेक्टिविटी को लेकर भी इस दौरे को अहम माना जा रहा है। विशेष रूप से ज्यूरिख एयरपोर्ट से संचालित होने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और वहां के एविएशन नेटवर्क का लाभ भविष्य में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। ज्यूरिख और नोएडा के बीच संभावित हवाई संपर्क से दोनों देशों के बीच कारोबार, निवेश, पर्यटन और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा मिल सकता है।

स्विस राष्ट्रपति के दौरे को लेकर ग्रेटर नोएडा और जेवर क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं। एयरपोर्ट परिसर से लेकर संभावित सड़क मार्ग तक पुलिस बल की तैनाती की गई है। चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है और वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

–आईएएनएस

पीकेटी/पीएम