Sunday, June 7, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth गुजरात : युवाओं को एआई से लेकर ईवी जैसे पाठ्यक्रमों का मिलेगा...

गुजरात : युवाओं को एआई से लेकर ईवी जैसे पाठ्यक्रमों का मिलेगा प्रशिक्षण: राज्य के आईटीआई में शुरू किए गए नए पाठ्यक्रम

0
8

गांधीनगर, 7 जून (आईएएनएस)। तकनीकी शिक्षा को उभरते औद्योगिक रुझानों के अनुरूप बनाने के लिए गुजरात सरकार के श्रम एवं रोजगार विभाग ने राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में कई ‘न्यू एज’ पाठ्यक्रम शुरू किए हैं।

नए पाठ्यक्रमों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, ड्रोन पायलट, सोलर तकनीशियन (इलेक्ट्रिकल), सूचना प्रौद्योगिकी, मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल, एडवांस सीएनसी मशीनिंग, एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग तकनीशियन (3डी प्रिंटिंग), तकनीशियन मेकाट्रॉनिक्स, कंप्यूटर एडेड मैन्युफैक्चरिंग (सीएएम) प्रोग्रामर, आईओटी तकनीशियन (स्मार्ट एग्रीकल्चर), आईओटी तकनीशियन (स्मार्ट सिटी) और स्मार्टफोन तकनीशियन-सह-ऐप टेस्टर जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं।

गुजरात के श्रम, कौशल विकास और रोजगार मंत्री कुंवरजीभाई बावलिया ने कहा, “ये पाठ्यक्रम नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, ऑटोमेशन, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल टेक्नोलॉजी जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों के लिए कुशल मानवबल तैयार करने के लिए शुरू किए गए हैं।”

वहीं, श्रम, कौशल विकास और रोजगार राज्य मंत्री कांतिलाल अमृतिया ने कहा, “राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में इन न्यू-एज पाठ्यक्रमों को शुरू करने का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षण प्रणाली को बदलती औद्योगिक जरूरतों के सुसंगत बनाए रखना है। इन पाठ्यक्रमों से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।”

गुजरात के सरकारी, अनुदानित और स्ववित्तपोषित आईटीआई में कुल 11 नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं, इस संदर्भ में प्रशिक्षुओं के लिए 3312 नई सीटें जोड़ी गई हैं। इसके अंतर्गत, मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल और सोलर तकनीशियन (इलेक्ट्रिकल) पाठ्यक्रम बड़े पैमाने पर शुरू किए गए है, जबकि अन्य विशिष्ट पाठ्यक्रम चुनिंदा आईटीआई में शुरू किए गए हैं।

टेक्नोलॉजी-आधारित ये नए पाठ्यक्रम राज्य के कुल 73 आईटीआई में शुरू किए गए हैं, जिनमें से 67 सरकारी आईटीआई, 2 अनुदानित संस्थान और 4 स्ववित्तपोषित संस्थान शामिल हैं।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं का कौशल बढ़ाने और उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने के लिए देश में स्किल इंडिया मिशन लॉन्च किया गया है, साथ ही बड़े पैमाने पर स्किल डेवलपमेंट के कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। गुजरात सरकार उनके इस विजन का अनुसरण करते हुए रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में नए विकसित हो रहे क्षेत्रों के लिए कुशल मानवबल तैयार करने और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य में व्यापक कौशल विकास कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

आने वाले वर्षों में नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

एक अधिकारी ने कहा, “गुजरात देश की कुल नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में 16.5 फीसदी हिस्सेदारी के साथ भारत के अग्रणी राज्य के रूप में उभरा है। दिसंबर 2025 तक राज्य की स्थापित नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 42.583 गीगावाट तक पहुंच गई थी।”

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, गुजरात कुल नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और पवन ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में देशभर में अव्वल है, जबकि सौर ऊर्जा क्षमता में दूसरे स्थान पर है।

अधिकारी ने आगे कहा, “सौर ऊर्जा क्षेत्र में विशाल रोजगार की संभावनाएं हैं और आईटीआई में सोलर तकनीशियन का पाठ्यक्रम शुरू होने से उद्योग के लिए कुशल मानवबल तैयार होगा।”

इसी प्रकार, इलेक्ट्रिक व्हीकल के बढ़ते इस्तेमाल के कारण प्रशिक्षित ईवी तकनीशियन की मांग भी बढ़ेगी। इस वर्ष (2026) की शुरुआत में गुजरात के इलेक्ट्रिक व्हीकल बाजार में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। मार्च 2026 के दौरान राज्य में ईवी रजिस्ट्रेशन में सालाना आधार पर 75.5 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई, जो बढ़ती उपभोक्ता मांग, सरकारी प्रोत्साहनों और कर राहत जैसे कदमों के कारण संभव हुई।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2026 में गुजरात में 12,729 ईवी रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए, जबकि गत वर्ष समान अवधि में यह आंकड़ा 7252 यूनिट था। वहीं, केवल शुद्ध इलेक्ट्रिक (यानी बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (बीईवी), जो पूरी तरह से बिजली पर चलने वाले होते हैं) वाहनों का रजिस्ट्रेशन 111 फीसदी की वृद्धि के साथ 5271 यूनिट से बढ़कर 11,126 यूनिट तक पहुंच गया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण उनके रखरखाव और मरम्मत के लिए प्रशिक्षित तकनीशियनों की मांग भी बढ़ेगी। इस बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए नए ईवी मेकेनिक से संबंधित पाठ्यक्रम तैयार किए गए हैं।”

राज्यभर के विभिन्न आईटीआई में प्रशिक्षण एवं प्रैक्टिकल शिक्षा के लिए 40 इलेक्ट्रिक वाहन भी उपलब्ध कराए गए हैं।

अभी गुजरात में 288 सरकारी आईटीआई हैं, जिनमें 1,77,912 सीटें उपलब्ध हैं। इसके अलावा, 100 अनुदानित आईटीआई में 16,200 सीटें और 171 स्ववित्तपोषित आईटीआई में 24,624 सीटें उपलब्ध हैं। इस प्रकार, राज्य में कुल 560 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) हैं, जिनमें कुल मिलाकर 2,18,736 सीटें उपलब्ध है।

वर्तमान में गुजरात के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में 138 व्यावसायिक पाठ्यक्रम चलाए जाते हैं।