नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग केबल कार हादसे में बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकाला। इसे लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पर्यटकों को सुरक्षित बचाने के लिए आपदा राहत बलों की प्रशंसा की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि कश्मीर के गुलमर्ग में केबल कारों में हवा के बीच फंसे 300 पर्यटकों को सुरक्षित बचाने के लिए भारत के आपदा राहत बलों की सराहना।
उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना के जवानों, स्थानीय पुलिस और प्रशासन से बनी आपदा राहत टीमों ने तुरंत कार्रवाई की और छह घंटे लंबे अभियान के जरिए 65 केबल कारों में फंसे सभी यात्रियों को बचा लिया। राष्ट्र इन बलों के शौर्य और कौशल को सलाम करता है।
बता दें कि गुलमर्ग गोंडोला की बेस स्टेशन से फेज-1 कोंगडोरी के बीच सोमवार को सेवा तकनीकी खराबी के कारण अचानक रुक गई थी। इससे कई पर्यटक हवा में लटकी केबल कारों में फंस गए। जम्मू-कश्मीर पुलिस और गोंडोला प्रबंधन प्राधिकरण से सहायता मांगे जाने का संदेश मिलते ही भारतीय सेना तुरंत सक्रिय हो गई। बुटापथरी बटालियन क्षेत्र से विशेष बचाव दल रवाना किए गए, जिन्होंने खराब मौसम के बावजूद तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सेना के साथ-साथ एसडीआरएफ और अन्य नागरिक एजेंसियों ने भी संयुक्त अभियान चलाया।
राहत कार्य को और तेज करने के लिए गुलमर्ग एटीवी एसोसिएशन की अतिरिक्त गाड़ियों को भी लगाया गया। ऐसा इसलिए क्योंकि गोंडोला सेवा को सामान्य होने में समय लगने की संभावना जताई गई थी। तकनीकी खराबी से कुल 65 केबल कार प्रभावित हुईं। राहत टीमों ने सभी पर्यटकों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
तकनीकी विशेषज्ञ अब गोंडोला प्रणाली में आई खराबी की जांच कर रहे हैं। इस खराबी के कारण घने बादलों, ठंडी हवाओं और खराब मौसम के बीच जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में अचानक से अफरातफरी मच गई। प्रसिद्ध गुलमर्ग गोंडोला सेवा में आई इस तकनीकी खराबी से कई लोग परेशान हो गए।

