दिसपुर, 16 मई (आईएएनएस)। गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने लॉ क्लर्क (कानून लिपिक) के 3 पदों पर भर्ती का ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है। इन पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 11 मई के दोपहर 3 बजे से शुरू हो चुकी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 20 मई तय की गई है।
ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे गुवाहाटी हाईकोर्ट की आधिकारिक पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। वहीं, रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 25 मई तय की गई है।
आवेदकों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से विधि में ग्रेजुएशन/पोस्ट-ग्रेजुएशन या डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त होनी चाहिए। वहीं, बार में प्रैक्टिस करने वाले या विधि में पेशेवर अनुभव या साहित्यिक कार्य रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदकों की अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन 120 अंकों के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा, इंटरव्यू/मौखिक परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 30,000 रुपए प्रतिमाह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो यूआर/ओबीसी/एमओबीसी के लिए 500 रुपए और एससी/एसटी (पी)/एसएच (एच) के लिए 250 रुपए तय किया गया है। वहीं, दिव्यांग (पीडब्लूबीडी) श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले गुवाहाटी हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
गुवाहाटी हाईकोर्ट की ओर से जारी यह पद पूरी तरह संविदात्मक और अस्थायी प्रकृति का है। वहीं, पद पर चुने गए उम्मीदवारों का कार्यकाल शुरू में 2 वर्ष का होगा, जिसे 1 वर्ष तक आगे बढ़ाया जा सकता है।

