SGSU Advertisement
Home राजनीति हामिद अंसारी ने गैर जिम्मेदाराना बयान देकर अपना असली चेहरा और चरित्र...

हामिद अंसारी ने गैर जिम्मेदाराना बयान देकर अपना असली चेहरा और चरित्र किया उजागरः भाजपा

0
5

नई दिल्ली, 21 सितंबर (आईएएनएस)। पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी की सांप्रदायिकता और धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर दिए गए बयान का भाजपा नेताओं ने विरोध किया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि हामिद अंसारी का गैर-जिम्मेदाराना बयान देश को कई हिस्सों में बांटता है।

भाजपा विधायक राम कदम ने आईएएनएस से कहा, “भारत की सनातन परंपरा ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के संदेश के साथ आगे बढ़ रही है। खासकर जब हामिद अंसारी जैसे किसी व्यक्ति की ओर से, जो इतने ऊंचे संवैधानिक पद पर रहे हों, इस तरह की राजनीतिक टिप्पणी की जाती है, तो यह सिर्फ एक राजनीतिक टिप्पणी नहीं रह जाती, बल्कि उस पद की गरिमा पर भी सवाल उठाती है। देश के बहुसंख्यक समुदाय की आस्था को ठेस पहुंचाने का अधिकार किसी को नहीं है।”

हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता पर पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “देश के उपराष्ट्रपति रह चुके हामिद अंसारी जैसे व्यक्ति का गैर-जिम्मेदाराना बयान, जो देश को कई हिस्सों में बांटता है, उसकी कड़ी से कड़ी निंदा होनी चाहिए। यह हामिद अंसारी का अपना एजेंडा लगता है, जिसके बारे में वे कई बार बात कर चुके हैं। वे भूल जाते हैं कि उन्होंने देश में एक संवैधानिक पद संभाला था और उस संवैधानिक पद से जुड़ी गरिमा और मर्यादा को तार-तार कर दिया है। इसलिए, देश की जनता हामिद अंसारी के बयान को गंभीरता से नहीं लेगी, लेकिन उनके बयान ने पूरे देश के सामने उनका असली चेहरा और चरित्र उजागर कर दिया है।”

भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा, “मौका मिलते ही हामिद अंसारी सनातनियों के खिलाफ विष उगलते हैं, ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। कांग्रेस ने ऐसे व्यक्ति को उपराष्ट्रपति बनाया था, जो टुकड़े-टुकड़े गैंग में शामिल था।”

भाजपा नेता शहनावज हुसैन ने कहा, “हामिद अंसारी को देश ने बहुत कुछ दिया है। दो बार उपराष्ट्रपति चुने जाने के बावजूद उन्हें देश से शिकायत है। वह अभी भी ऐसी बात कह रहे हैं जो आजादी के समय कही गई थी। आज सबका साथ, सबका विकास के रास्ते पर देश आगे चल रहा है। आज भारत में जो मुसलमान हैं, उनकी स्थिति अन्य देशों की तुलना में बेहतर हों। मुसलमानों के लिए हिंदू से अच्छा दोस्त और भारत से अच्छा देश और पीएम मोदी से अच्छा नेता नहीं मिल सकता। आज देश में दंगा और बवाल नहीं हो रहा है और पूरा देश विकास की राह पर चल रहा है। ऐसे में हामिद अंसारी को इसमें सहयोग करना चाहिए।”

भाजपा सांसद संजय जयसवाल ने कहा, “कुछ लोग जिंदगी भर देश विरोधी कार्य करते हैं। ऐसे लोगों में हामिद अंसारी शामिल हैं। अंसारी के ईरान में राजदूत रहते समय ईरान-पाकिस्तान सीमा पर हमारे जासूस पकड़े गए और हत्याएं हुईं, क्या ये इत्तेफाक था? हामिद अंसारी का इतिहास ही दुर्भावनापूर्ण रहा है।”

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने कहा, “आतंकवादी मानसिकता से वे (हामिद अंसारी) भरे हुए हैं। मां भारती को कटघरे में खड़े करने की कोशिश करते रहते हैं। हामिद अंसारी कई बार ऐसे बयान देते हैं, जिससे पूरा देश असहज होता है। जिस देश ने उपराष्ट्रपति बनाया, उसका लिहाज अंसारी को करना चाहिए।”